खराब ट्रांसफार्मर 24 से 48 घंटे में बदलें, बिजली व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: डीएम समीर
Gargachary Times
16 September 2026, 21:17
51 views
Jalaun
जालौन। जनपद में निर्बाध एवं सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर जिलाधिकारी समीर ने वर्चुअल कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने विद्युत आपूर्ति, खराब ट्रांसफार्मरों, उपभोक्ता शिकायतों और विद्युत सुरक्षा से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए स्पष्ट कहा कि बिजली व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्रों में खराब ट्रांसफार्मर 24 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में 48 घंटे के भीतर बदले जाएं। बार-बार ट्रांसफार्मर खराब होने वाले ग्रामीण क्षेत्रों को चिन्हित कर विद्युत लोड का परीक्षण कराने और आवश्यकता के अनुसार उच्च क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने जेई और एई को अधिक शिकायत वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर नियमित समीक्षा करने तथा शिकायतों के कारणों का पता लगाकर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही शटडाउन की सूचना उपभोक्ताओं को पहले से देने, फोन समय से रिसीव करने और उपभोक्ताओं से विनम्र व्यवहार करने के निर्देश दिए।
विद्युत सुरक्षा के तहत जर्जर तारों, क्षतिग्रस्त पोलों और खुले ट्रांसफार्मरों को चिन्हित कर तत्काल बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए गए, ताकि दुर्घटनाओं से जन एवं पशुहानि रोकी जा सके। ‘झटपट पोर्टल’ पर प्राप्त आवेदनों का समयसीमा में निस्तारण तथा दिव्यांग उपभोक्ताओं की शिकायतों को प्राथमिकता से हल करने के निर्देश भी दिए गए।
अधीक्षण अभियंता योगेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम स्थापित है। उपभोक्ता 1912, मोबाइल नंबर 7318124866 एवं 8004912655 तथा कलेक्ट्रेट विद्युत शिकायत कंट्रोल रूम 05163-257090 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। डीएम ने कंट्रोल रूम में 24 घंटे कर्मचारियों की ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अधिशाषी अभियंता सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।