Loading...

सत्संग और सनातन संस्कृति के प्रति उमड़ता जनसैलाब भारतीय संस्कृति की जीवंत शक्ति का प्रतीक : केशव प्रसाद मौर्य

Gargachary Times 16 September 2026, 21:31 52 views
Raebareli
सत्संग और सनातन संस्कृति के प्रति उमड़ता जनसैलाब भारतीय संस्कृति की जीवंत शक्ति का प्रतीक : केशव प्रसाद मौर्य
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को ऊंचाहार, रायबरेली में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय द्वारा आयोजित सप्त दिवसीय भव्य शिव महापुराण कथा में पहुंचकर परम पूज्य कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के श्रीमुख से भगवान शिव की महिमा एवं दिव्य कथा का श्रवण किया। उन्होंने व्यासपीठ को नमन करते हुए पूज्य पंडित प्रदीप मिश्रा जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यहां भक्तों का महासागर उमड़ रहा है। उन्होंने समस्त शिव भक्तों का उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कथा के मुख्य यजमान कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय एवं उनके पूरे परिवार को इतनी भव्य कथा के आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से बड़ी संख्या में शिव भक्तों को भगवान शिव की महिमा और सत्संग का आनंद प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान शिव की भक्ति, उनकी दिव्य महिमा का श्रवण और पूज्य संतों का सान्निध्य मन को असीम शांति, आत्मिक आनंद और नई ऊर्जा से भर देता है। महादेव का स्मरण जीवन की हर परिस्थिति में धैर्य, विश्वास और सकारात्मकता का संबल प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि यहां का वातावरण पूरी तरह सत्संगमय है, इसलिए लंबे भाषण की अपेक्षा भगवान शिव की कथा का श्रवण करना ही अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति, भारतीय परंपराओं और धार्मिक आस्था के प्रति लोगों की बढ़ती सहभागिता देश की सांस्कृतिक चेतना की जीवंत अभिव्यक्ति है। प्रयागराज महाकुंभ हो अथवा ऊंचाहार में आयोजित यह श्री शिव महापुराण कथा, श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या और उनकी आस्था देखकर एक ही भाव उत्पन्न होता है कि जहां सत्संग होता है, वहां भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ता है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में श्रीरामलला के भव्य मंदिर निर्माण का संकल्प पूर्ण हुआ है। उन्होंने कहा कि “अयोध्या हमारी है, काशी-मथुरा की बारी है” का भाव सनातन आस्था से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम और भगवान शिव एक-दूसरे के आराध्य हैं और इनके पारस्परिक संबंध एवं आध्यात्मिक भावों का विस्तृत वर्णन व्यासपीठ से पूज्य पंडित प्रदीप मिश्रा जी द्वारा किया जा रहा है। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारत की विविधता में एकता और अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति आस्था ही हमारी शक्ति है। उन्होंने कहा कि देश में ऐसा वातावरण होना चाहिए, जहां प्रत्येक व्यक्ति बिना किसी भय के अपनी धार्मिक आस्था और परंपराओं का पालन कर सके तथा सभी को सत्संग, पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजनों में सहभागिता का अवसर मिले। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता और आपसी सद्भाव से ही ऐसा वातावरण और अधिक मजबूत होगा। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि “जिसको जीवन में मिला सत्संग, उसे हर घड़ी आनंद ही आनंद”। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से सत्संग का आनंद लेने और भगवान शिव की कथा से प्राप्त आध्यात्मिक संदेश को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने इस भव्य आयोजन के लिए व्यासपीठ को नमन करते हुए पूज्य पंडित प्रदीप मिश्रा का अभिनंदन किया तथा कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय, उनके परिजनों, मित्रों, कार्यकर्ताओं एवं कथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, मंत्री भूपेंद्र चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Follow Samachar24