Loading...

कलेक्ट्रेट परिसर में धन्वन्तरि वाटिका का शुभारंभआयुर्वेद दिवस और सेवा संकल्प अभियान के तहत डीएम की पहल

Gargachary Times 23 September 2026, 19:01 62 views
Firozabad
कलेक्ट्रेट परिसर में धन्वन्तरि वाटिका का शुभारंभआयुर्वेद दिवस और सेवा संकल्प अभियान के तहत डीएम की पहल
फिरोजाबाद। आयुर्वेद दिवस एवं सेवा संकल्प अभियान के अवसर पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कल्पना जायसवाल के साथ कलेक्ट्रेट परिसर में ‘धन्वन्तरि वाटिका’ का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य लोगों को आयुर्वेद और औषधीय पौधों के महत्व के प्रति जागरूक करना है।इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि धन्वन्तरि वाटिका में विभिन्न औषधीय गुणों वाली वनस्पतियों, पेड़-पौधों और छोटे पौधों को अलग-अलग सेक्टर में लगाया जाएगा। इनका नियमित रूप से अनुरक्षण भी किया जाएगा, ताकि आने वाले समय में कलेक्ट्रेट आने वाले नागरिक औषधीय पौधों को आसानी से पहचान सकें और उनके उपयोग एवं महत्व की जानकारी प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि भारतीय वैदिक परंपरा में आयुर्वेद का विशेष महत्व रहा है। वर्तमान समय में औषधीय पौधों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न प्रजातियों के औषधीय पौधों का रोपण कर जनसामान्य को सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है।जिलाधिकारी ने बताया कि वाटिका में लगाए जाने वाले प्रत्येक पौधे के नाम और उसके औषधीय गुणों की जानकारी डिस्प्ले के माध्यम से प्रदर्शित की जाएगी। इससे नागरिकों को पौधों की पहचान के साथ उनके स्वास्थ्य संबंधी उपयोगों की जानकारी भी आसानी से मिल सकेगी। उन्होंने बताया कि कलेक्ट्रेट परिसर के सौंदर्यीकरण के साथ लोगों में आयुर्वेद के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रजातियों के औषधीय पौधे लगाए जाने की योजना तैयार की गई है। इसके तहत एलोवेरा, तुलसी सहित अन्य प्रमुख औषधीय पौधों के लिए अलग-अलग विशेष जोन विकसित किए जाएंगे। इस धन्वन्तरि वाटिका के माध्यम से कलेक्ट्रेट आने वाले नागरिकों को औषधीय पौधों की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ पर्यावरण संरक्षण और भारतीय आयुर्वेदिक परंपरा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
Follow Samachar24