Loading...

गणेश विसर्जन की तैयारियों को लेकर डीएम-एसएसपी ने पसीने वाले हनुमान जी घाट का किया निरीक्षण यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिएं कंडें निर्देश

Gargachary Times 23 September 2026, 19:01 76 views
Firozabad
गणेश विसर्जन की तैयारियों को लेकर डीएम-एसएसपी ने पसीने वाले हनुमान जी घाट का किया निरीक्षण यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिएं कंडें निर्देश
फिरोजाबाद। गणेश विसर्जन पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने बुधवार को पसीने वाले हनुमान जी मंदिर के समीप बनाए गए विसर्जन घाटों का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और यातायात प्रबंधन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि विसर्जन से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों और छोटे किशोरों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। कहा कि बच्चों को घाटों एवं गहरे पानी के आसपास न जाने दिया जाए और किसी भी स्थिति में उन्हें पानी में उतरने की अनुमति न हो। डीएम ने घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग कराने के साथ पर्याप्त संख्या में जल पुलिस, गोताखोरों और आपदा प्रबंधन टीम को तैनात रखने के निर्देश दिए। साथ ही साफ-सफाई एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। एसएसपी आदित्य लांग्हे ने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखने के निर्देश देते हुए बताया कि विसर्जन स्थलों और प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। भीड़ नियंत्रण तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी। जिलाधिकारी ने आमजन और गणेश उत्सव समितियों से अपील की कि प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करें और गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग दें।
Follow Samachar24