मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने किया श्रमदान, दिया स्वच्छता का संदेश
Gargachary Times
24 September 2026, 20:26
56 views
Mathura
ललित उपाध्याय, संवाददाता मथुरा।
स्वच्छता ही सेवा एवं सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गुरुवार को ग्राम पंचायत हुलवाना, विकासखंड नंदगांव में गन्ना विकास एवं चीनी मिलें मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने श्रमदान किया।
उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने करीब 25 मिनट तक श्रमदान करते हुए दोनों गंदे स्थानों के कायाकल्प में सहभागिता की। इस दौरान ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को अपने घर के साथ-साथ गलियों, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित करना रहा।
मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने कहा कि स्वच्छता केवल झाड़ू लगाने का नाम नहीं, बल्कि एक संस्कार और सोच है। जिस प्रकार हम अपने घर को स्वच्छ रखते हैं, उसी प्रकार गांव, गली और शहर भी हमारा घर है। उन्होंने लोगों से कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने, गीले और सूखे कचरे को अलग रखने, सिंगल यूज प्लास्टिक का बहिष्कार करने तथा बच्चों को हाथ धोने और स्वच्छता की आदत डालने की अपील की।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक ग्रामीण परिवार अपने घर के सामने सफाई रखे और कूड़े को कूड़ा गाड़ी अथवा आरआरसी केंद्र तक पहुंचाकर ग्राम पंचायत की स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करे। स्वच्छता अपनाएंगे, बीमारी भगाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान हुलवाना में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन करने वाले सफाई कर्मी एवं ई-रिक्शा संचालक श्याम को मंत्री ने ग्रामीणों के समक्ष सम्मानित किया। ग्रामीणों ने उनके कार्यों की सराहना की। हुलवाना में पूर्ण संस्था के अरविंद शुक्ला और निखिल समेत उनकी टीम ने भी श्रमदान किया।
अभियान का क्रियान्वयन जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल के निर्देशन में किया गया। खंड विकास अधिकारी एवं एडीओ पंचायत के पर्यवेक्षण में ग्राम प्रधान, सचिव और सफाई कर्मचारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाया।