Loading...

एपीके फाइल के जरिए साइबर ठगी, पुलिस ने पीड़ित के 89 हजार रुपये वापस कराए

Gargachary Times 24 September 2026, 20:27 70 views
Firozabad
एपीके फाइल के जरिए साइबर ठगी, पुलिस ने पीड़ित के 89 हजार रुपये वापस कराए
एपीके फाइल के जरिए मोबाइल हैक कर साइबर ठगी के मामले में साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित के 89 हजार रुपये वापस करा दिए। पुलिस की कार्रवाई से पीड़ित को राहत मिली है।पुलिस के अनुसार थाना जसराना क्षेत्र निवासी अजय कुमार पुत्र राकेश कुमार के मोबाइल फोन को साइबर अपराधियों ने एपीके फाइल के माध्यम से हैक कर लिया था। इसके बाद आरोपियों ने उनके खाते से कुल 1 लाख 29 हजार 900 रुपये की साइबर ठगी कर ली। घटना के बाद पीड़ित ने नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में साइबर सेल फिरोजाबाद ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक एवं भुगतान माध्यमों से समन्वय स्थापित किया। साइबर सेल ने ठगी की रकम को ट्रेस कर होल्ड कराने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस के प्रयासों के बाद 24 सितंबर को 89 हजार रुपये पीड़ित को वापस करा दिए गए। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान व्यक्ति द्वारा भेजी गई किसी भी APK फाइल या संदिग्ध लिंक को डाउनलोड अथवा इंस्टॉल न करें। साथ ही किसी अनजान एप को मोबाइल की संवेदनशील परमिशन न दें और OTP, UPI PIN, ATM PIN, CVV अथवा बैंकिंग पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने तथा cybercrime.gov.in पर रिपोर्ट करने की अपील की गई है। पुलिस ने कहा कि समय पर सूचना मिलने से ठगी की धनराशि को होल्ड या फ्रीज कराने की संभावना बढ़ जाती है।
Follow Samachar24