Loading...

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में ब्रज की ‘दीदियों’ के हुनर को मिलेगा ग्लोबल मंच

Gargachary Times 24 September 2026, 20:29 73 views
Firozabad
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में ब्रज की ‘दीदियों’ के हुनर को मिलेगा ग्लोबल मंच
फिरोजावाद /ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 में ब्रज क्षेत्र की स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं के हुनर और उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं अपने उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री करेंगी। आगरा मंडल से विभिन्न जनपदों के समूह इस ट्रेड शो में भाग ले रहे हैं। फिरोजाबाद की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए आकर्षक कांच के सजावटी उत्पाद प्रदर्शनी में शामिल होंगे। मथुरा की महिलाओं के मिट्टी के बर्तन, तुलसी गमला और फ्लावर पॉट भी प्रदर्शित किए जाएंगे। वहीं मैनपुरी के स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं आर्टिफिशियल ज्वेलरी, टेडीबियर और जूट बैग लेकर पहुंचेंगी। देश-विदेश से आने वाले खरीदार इन उत्पादों को देख सकेंगे और उनकी बिक्री भी होगी। ट्रेड शो के दौरान उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। समूह गठन, टेक होम राशन, बीसी सखी और विद्युत सखी जैसी योजनाओं के बारे में आगंतुकों को जानकारी दी जाएगी। आगरा के सैंया ब्लॉक के ग्राम पंचायत ब्रिथला की बीसी सखी ममता भी इसमें प्रतिभाग कर रही हैं। मैनपुरी के लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह की रीना और फिरोजाबाद के एकता स्वयं सहायता समूह की शांति देवी ने अंतरराष्ट्रीय मंच मिलने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा तैयार उत्पाद अब बड़े मंच पर पहुंच रहे हैं, जिससे महिलाओं का उत्साह बढ़ा है। उपायुक्त (स्वत: रोजगार) तुलिका श्रीवास्तव ने बताया कि ट्रेड शो स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को बाजार से जोड़ने और उनके उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण अवसर है। इससे ग्रामीण महिलाओं के व्यवसाय और आय को बढ़ाने में मदद मिलेगी।
Follow Samachar24