छात्राओं को सीओ ने बताए करियर के विभिन्न अवसर, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर दिया मार्गदर्शन
Gargachary Times
24 September 2026, 20:31
51 views
Firozabad
फिरोजाबाद। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जसराना में गुरुवार को कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिकोहाबाद तहसील के क्षेत्राधिकारी जयबिंद कुमार गुप्ता ने छात्राओं को विभिन्न क्षेत्रों में करियर की संभावनाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्राधिकारी जयबिंद कुमार गुप्ता ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने छात्राओं से संवाद करते हुए शिक्षा के साथ जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने, नियमित मेहनत और अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला।
सीओ ने छात्राओं को विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध करियर के अवसरों की जानकारी देते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निरंतर अध्ययन और सही दिशा में प्रयास करने की सलाह दी। कार्यक्रम में छात्राओं ने करियर, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार की संभावनाओं से जुड़े सवाल पूछे, जिनका क्षेत्राधिकारी ने विस्तार से जवाब दिया।
इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाएं पूनम यादव, रचना, कीर्ति तैनगुरिया, श्री दीपचंद्र सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। प्रधानाचार्य डॉ. सुधीर कुमार ने कार्यक्रम के मार्गदर्शक क्षेत्राधिकारी जयबिंद कुमार गुप्ता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छात्राओं के लिए ऐसे कार्यक्रम उनके भविष्य की दिशा तय करने में उपयोगी साबित होते हैं। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग करने वाले सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों का भी धन्यवाद ज्ञापित किया।