रोजगार मेले में 424 अभ्यर्थियों को मिला रोजगार, 838 बेरोजगार अभ्यर्थियों ने कराया पंजीकरण
Gargachary Times
24 September 2026, 20:31
47 views
Firozabad
फिरोजाबाद। विधानसभा क्षेत्र सिरसागंज स्थित आर्य गुरुकुल महाविद्यालय में जिला सेवायोजन कार्यालय, फिरोजाबाद द्वारा उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत एकदिवसीय निःशुल्क वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सुमित कुमार ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर सुमित कुमार ने रोजगार मेले के आयोजन की सराहना करते हुए प्रतिभागी नियोजकों का आभार जताया। उन्होंने बेरोजगार अभ्यर्थियों से विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर रोजगार के अवसरों का लाभ लेने का आह्वान किया।
रोजगार मेले में 14 से अधिक नियोजक कंपनियों ने प्रतिभाग किया। मेले में कुल 838 बेरोजगार अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से पंजीकरण कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। चयन प्रक्रिया के बाद 424 अभ्यर्थियों को अंतिम रूप से रोजगार प्राप्त हुआ।
इस दौरान उप जिलाधिकारी सिरसागंज ने क्षेत्र में इस प्रकार के रोजगार मेलों की संख्या बढ़ाए जाने का सुझाव दिया। जिला सेवायोजन अधिकारी ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं रोजगार संबंधी सेवाओं की जानकारी अभ्यर्थियों को दी।
कार्यक्रम में राजकीय आईटीआई शिकोहाबाद के प्रधानाचार्य, आर्य गुरुकुल महाविद्यालय सिरसागंज का समस्त स्टाफ तथा जिला सेवायोजन कार्यालय के कर्मचारी मौजूद रहे। रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी रही।