ब्रज की धरती पर डिजिटल उजाला, फतिहा में खुला अत्याधुनिक पुस्तकालय
Gargachary Times
25 September 2026, 20:09
52 views
Mathura
फरह। फतिहा ग्रामीण युवाओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने की दिशा में शुक्रवार को फतिहा गांव में एक नई पहल की शुरुआत हुई। ग्राम पंचायत द्वारा स्थापित ज्ञानम ज्योति डिजिटल पुस्तकालय का लोकार्पण बलदेव विधानसभा के विधायक पूरन प्रकाश एडवोकेट ने फीता काटकर किया।
इस दौरान खंड विकास अधिकारी प्रवीण कुमार झा, जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल, नायब तहसीलदार राघव गोस्वामी, नायब तहसीलदार साविका शर्मा, सहायक विकास अधिकारी थान सिंह, प्रशासक मालती देवी, प्रशासक प्रतिनिधि हरीओम सिंह, ग्राम पंचायत अधिकारी दाऊदयाल पाठक, ग्राम विकास अधिकारी राम कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान, छात्र-छात्राएं और ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन ग्राम विकास अधिकारी राम कुमार ने किया।
डिजिटल लाइब्रेरी में युवाओं के लिए हाई-स्पीड इंटरनेट, कंप्यूटर, ऑनलाइन स्टडी मटेरियल, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ई-बुक्स, वीडियो लेक्चर, ऑनलाइन कोर्सेज और करियर मार्गदर्शन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। अब गांव के विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए शहर नहीं जाना पड़ेगा।
विधायक पूरन प्रकाश ने कहा कि सरकार का लक्ष्य अंतिम गांव तक शिक्षा की रोशनी पहुंचाना है। यह लाइब्रेरी ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए वरदान साबित होगी और युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ेगी। उन्होंने कहा कि जब गांव का युवा शिक्षित और डिजिटल रूप से सशक्त होगा, तभी सशक्त भारत का सपना साकार होगा।
जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल ने कहा कि यह लाइब्रेरी ग्रामीण भारत में शिक्षा क्रांति की शुरुआत है। गांव के बच्चों को अब वही संसाधन मिलेंगे जो शहर के छात्रों को मिलते हैं। इससे युवाओं का पलायन रुकेगा और गांव का भविष्य उज्ज्वल होगा।
बीडीओ प्रवीण कुमार झा ने कहा कि इस पहल से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को बड़ी राहत मिलेगी। ग्रामीणों ने इस पहल को बच्चों के भविष्य के लिए मील का पत्थर बताया।