छात्र-छात्राओं ने क्विज, विज्ञान मॉडल और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में दिखाई प्रतिभा
Gargachary Times
26 September 2026, 19:31
39 views
Education
मथुरा। राजीव एकेडमी फॉर फार्मेसी के कॉलेज ऑडिटोरियम में विश्व फार्मासिस्ट दिवस छात्र-छात्राओं ने क्विज, विज्ञान मॉडल और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी बौद्धिक क्षमता की शानदार बानगी पेश की। कार्यक्रम का शुभारम्भ संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) हिमांशु चोपड़ा ने किया। उन्होंने फार्मासिस्ट दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्वास्थ्य सेवा प्रणाली में फार्मासिस्ट की भूमिका, कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के बारे में विद्यार्थियों को विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने फार्मासिस्ट शपथ ग्रहण कर फार्मेसी पेशे के नैतिक मूल्यों, जिम्मेदारियों तथा समाज के प्रति अपने कर्तव्यों के ईमानदारी से निर्वहन का संकल्प लिया। इस अवसर पर क्विज प्रतियोगिता, विज्ञान मॉडल प्रस्तुति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण फार्मास्युटिकल उद्योग में अनुसंधान एवं विकास का एक अवलोकन” विषय पर आयोजित विशेष अतिथि व्याख्यान रहा। टीवा फार्मास्युटिकल लिमिटेड, नोएडा के रिसर्च साइंटिस्ट अजय शर्मा ने विद्यार्थियों को फार्मास्युटिकल उद्योग में अनुसंधान एवं विकास की वर्तमान स्थिति, नवाचार, शोध के विभिन्न क्षेत्रों तथा फार्मेसी विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध करियर अवसरों की व्यावहारिक जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को फार्मास्युटिकल रिसर्च एवं डेवलपमेंट की कार्यप्रणाली समझाते हुए अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
आर.के. एज्यूकेशनल ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि फार्मास्युटिकल उद्योग में अनुसंधान एवं विकास नई दवाओं और उपचार पद्धतियों के विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला है। इसमें दवाओं की खोज, उनकी गुणवत्ता, प्रभावशीलता और सुरक्षा का वैज्ञानिक अध्ययन किया जाता है। अनुसंधान के माध्यम से रोगों के बेहतर उपचार और मरीजों के लिए सुरक्षित एवं प्रभावी दवाएं विकसित करने का प्रयास होता है। फार्मेसी विद्यार्थियों के लिए यह क्षेत्र शोध, नवाचार और उज्ज्वल करियर की अनेक सम्भावनाएं उपलब्ध कराता है।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। क्विज प्रतियोगिता के समन्वयक ऋतिक वर्मा एवं सौम्यदीप मुखर्जी रहे। मॉडल मेकिंग प्रतियोगिता में बी.फार्मा प्रथम वर्ष के उदित शर्मा, इवान्श झा, देवांश शर्मा और आशीष कुमार की टीम विजेता रही वहीं क्विज प्रतियोगिता में योगिता (बी.फार्मा तृतीय वर्ष), गार्गी गौतम (द्वितीय वर्ष), हर्ष पाठक (प्रथम वर्ष), उद्भव (तृतीय वर्ष) और शिवम शर्मा (चतुर्थ वर्ष) की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। छात्र-छात्राओं को विजेता ट्रॉफी प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
सांस्कृतिक गतिविधियों के संचालन में मनु शर्मा, कुलदीप सिंह और लक्ष्मीकांत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एंकर शिक्षक के रूप में अविनाश मिश्रा एवं मणि सिंह ने कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित किया। आयोजन में बृज नंदन दुबे, विभा, सुनम साहा, सुरेंद्र शर्मा, लव ठाकुर एवं बृजेश कुमार शर्मा सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे। इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में फार्मेसी पेशे के प्रति जागरूकता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, व्यावसायिक प्रतिबद्धता और रचनात्मकता को बढ़ावा दिया।