हत्या के प्रयास के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, लोहे की पाइप व डंडा बरामद
Gargachary Times
26 September 2026, 19:35
49 views
Firozabad
फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में नामजद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों को 25 सितंबर को बरी चौराहे से फतेहाबाद जाने वाले मार्ग के पास से पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों में आरिफ पुत्र शकूर अली निवासी गणेशनगर खेड़ा थाना मटसेना, कफील पुत्र जमील निवासी लालपुर मंडी मोमिन नगर थाना रसूलपुर तथा अरशद पुत्र इकबाल निवासी गली नंबर आठ रसूलपुर टंकी शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक 24 सितंबर को झारपुरा बरौली कटारा, आगरा निवासी रिंकू पुत्र गिर्राज ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि वाहन निकालने को लेकर हुए विवाद में उक्त आरोपियों ने उसके और उसके रिश्तेदार के साथ मारपीट की तथा लोहे की रॉड से जान से मारने की नीयत से हमला किया। मामले में थाना रसूलपुर पर मुकदमा अपराध संख्या 488/26 के तहत धारा 109(1), 351(2), 352 और 115(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना में प्रयुक्त बताए गए सामान में एक लकड़ी का डंडा, एक सरियानुमा लोहे का पाइप और सफेद ईंट का टुकड़ा शामिल है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी कफील के विरुद्ध आर्म्स एक्ट का एक मामला तथा अरशद के विरुद्ध जी एक्ट का एक मामला पूर्व में भी दर्ज है।