418.79 किमी नहरों की होगी सिल्ट सफाई, रबी फसल के लिए समय पर मिलेगा पानी: डीएम
Gargachary Times
26 September 2026, 19:39
46 views
Firozabad
फिरोजाबाद। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सिंचाई तंत्र को सुदृढ़ करने, आगामी रबी फसल के लिए किसानों को पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित करने तथा नहरों की सिल्ट सफाई की तैयारियों एवं प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि जिले में सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कुल 418.79 किलोमीटर लंबाई के नहर नेटवर्क की सिल्ट सफाई एवं आवश्यक मरम्मत का प्रस्ताव तैयार किया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि कार्य पारदर्शी प्रक्रिया के तहत ई-टेंडरिंग के माध्यम से कराया जा रहा है तथा टेंडर प्रक्रिया सितंबर माह के अंत तक पूरी कर ली जाएगी।
उन्होंने बताया कि नहरों की सफाई का कार्य नहर बंदी की अवधि में अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से शुरू होकर नवंबर तथा दिसंबर के प्रथम सप्ताह तक पूरा कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नहरों की सफाई निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरी हो, जिससे रबी फसलों की बुवाई एवं पलेवा के समय किसानों को पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जा सके।डीएम ने सफाई कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण के साथ फोटोग्राफी एवं ड्रोन फोटोग्राफी अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यों के धरातलीय सत्यापन के लिए उपजिलाधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी की संयुक्त कमेटी गठित करने को कहा।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित सिंचाई खंडों के अधिशासी अभियंताओं एवं सहायक अभियंताओं के नाम और मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए जाएं, ताकि किसानों एवं ग्रामीणों की क्षेत्रीय समस्याओं का त्वरित निस्तारण हो सके।
उन्होंने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने तथा नहरों की सफाई एवं मरम्मत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।