साक्षर, सशक्त और समृद्ध समाज की ओर एक अनुपम पहल- प्राथमिक विद्यालय बलरामपुर में उमंग और आत्मविश्वास का हुआ नया सवेरा
Gargachary Times
28 September 2026, 18:40
50 views
Mathura
बलदेव (मथुरा)।
"शिक्षा केवल ज्ञान अर्जन का माध्यम नहीं, बल्कि एक सशक्त, स्वावलंबी और आदर्श समाज के निर्माण की आधारशिला है।" इसी पावन ध्येय को साकार करते हुए प्राथमिक विद्यालय बलरामपुर, बलदेव के प्रांगण में आज एक गरिमामयी और प्रेरणादायी कार्यक्रम बैग वितरण का आयोजन किया गया। छात्रों के बाल-मन में शिक्षा के प्रति अलख जगाने, उन्हें स्वावलंबी बनाने तथा उनके उज्ज्वल भविष्य को नई दिशा देने के उद्देश्य से बलदेव के विधायक प्रतिनिधि पंकज प्रकाश ने छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क स्कूल बैग वितरित किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक प्रतिनिधि पंकज प्रकाश तथा विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. जगदीश पाठक द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ।
नया बैग पाकर नौनिहालों के चेहरे खिल उठे, बच्चों की इस निश्छल प्रसन्नता से अभिभूत होकर विधायक प्रतिनिधि पंकज प्रकाश ने भावुक स्वर में कहा, "इन मासूम चेहरों की खिलखिलाती मुस्कान और इनकी आंखों में झिलमिलाता अटूट आत्मविश्वास ही मेरे सार्वजनिक जीवन का सबसे अमूल्य और बड़ा पुरस्कार है। हमारा यह संकल्प है कि संसाधनों के अभाव रूपी तिमिर में किसी भी बालक-बालिका की शिक्षा का प्रकाश कभी मंद न पड़े। जब तक समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद बच्चे के चेहरे पर आशा और विश्वास की चमक नहीं दिखेगी, तब तक हमारा सामाजिक दायित्व अधूरा रहेगा।"
कार्यक्रम के दौरान विधायक प्रतिनिधि ने विद्यालय परिसर का अत्यंत सूक्ष्मता एवं आत्मीयता से अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय के आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर - अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरों से सुसज्जित सुरक्षा व्यवस्था, निर्बाध ऊर्जा हेतु इनवर्टर सुविधा, ज्ञान के आधुनिक क्षितिज खोलतीं स्मार्ट कक्षाएं, सुरुचिपूर्ण फर्नीचर तथा पर्यावरण की गोद में लहलहाते हरे-भरे भौतिक एवं प्राकृतिक परिवेश की मुक्त कंठ से भूरि-भूरि प्रशंसा की। परिषदीय विद्यालय में निजी कॉन्वेंट स्कूलों को टक्कर देती ऐसी उत्कृष्ट और अनुकरणीय व्यवस्थाओं के लिए उन्होंने प्रधानाध्यापक डॉ. जगदीश पाठक एवं समस्त शिक्षण परिवार के अथक प्रयासों की भूरि-भूरि सराहना की।
विद्यालय को पर्यावरण-अनुकूल और हरित ऊर्जा से समृद्ध बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विधायक प्रतिनिधि ने विधायक निधि से विद्यालय परिसर में 'सोलर लाइट' लगवाने की सहर्ष घोषणा की, जिससे समूचा विद्यालय परिवार और ग्रामीण आल्हादित हो उठे।
इस गरिमामयी अवसर पर भाजपा नेता अजीत छौंकर, अनिल रावत, धर्मेंद्र उपाध्याय, शिक्षिका गीता सक्सेना, अचल कुमार, प्रेमचंद शर्मा, पूजा रानी, आदि की गरिमामय उपस्थिति विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। विद्यालय के शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों ने इस पुनीत कार्य और विद्यालय विकास के प्रति दर्शाई गई संवेदनशीलता हेतु विधायक प्रतिनिधि पंकज प्रकाश का हृदय से आभार व्यक्त किया।