Loading...

डीएम ने तीन माह की कार्ययोजना को दी मंजूरी, संचारी रोग जागरूकता अभियान मिशन मोड में चलाने पर जोर

Gargachary Times 28 September 2026, 18:41 45 views
Jalaun
डीएम ने तीन माह की कार्ययोजना को दी मंजूरी, संचारी रोग जागरूकता अभियान मिशन मोड में चलाने पर जोर
जालौन। जिलाधिकारी समीर की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) की प्रथम जिला सलाहकार समिति/समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। जिलाधिकारी ने ‘मेरा युवा भारत’ की तीन माह की कार्ययोजना को मंजूरी देते हुए युवाओं की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में माय भारत पोर्टल के माध्यम से संचालित कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की समीक्षा की गई। डीएम ने कहा कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं एवं पात्र नागरिकों को पोर्टल से जोड़कर उन्हें विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने संबंधित विभागों को कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, ग्राम पंचायतों, स्वयं सहायता समूहों एवं प्रशिक्षण संस्थानों के माध्यम से युवाओं तक कार्यक्रमों की जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने 01 अक्टूबर 2026 से संचारी रोगों के प्रति जागरूकता अभियान को मिशन मोड में संचालित करने को कहा। उन्होंने जनभागीदारी के साथ अभियान को प्रभावी बनाने तथा विभागीय संसाधनों और नेटवर्क का उपयोग कर लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने ‘मेरा युवा भारत’ के माध्यम से मतदाता जागरूकता गतिविधियों को भी विकासखंड एवं ग्राम स्तर तक पहुंचाने और महिलाओं व युवतियों की सक्रिय सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया। वर्ष 2026-27 की तीन माह की कार्ययोजना में प्रत्येक कार्यक्रम के लिए नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश दिए गए। शिक्षा विभाग को निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों, शिक्षण एवं कोचिंग संस्थानों में युवाओं के बीच आलोचनात्मक सोच, कृष्ण-अर्जुन संवाद तथा विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियांत्रिकी एवं गणित (STEM) से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कार्यक्रमों के प्रचार-प्रसार के लिए लिंक, फोटोग्राफ, वीडियो एवं रील तैयार कर डिजिटल माध्यमों का अधिकाधिक उपयोग करने को कहा। साथ ही जिला युवा कल्याण अधिकारी एवं जिला युवा अधिकारी को जनपद के खेल मैदानों और मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियमों का निरीक्षण कर एक माह में विस्तृत आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी एच.एन. प्रसाद, जिला विकास अधिकारी निशांत पाण्डेय, जिला युवा अधिकारी सचिन, सदर विधायक प्रतिनिधि रविंद्र प्रताप सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
Follow Samachar24