आंगनवाड़ी की अनूठी पहल, फरह में हेल्दी बेबी प्रतियोगिता ने खींचा सबका ध्यान
Gargachary Times
28 September 2026, 18:42
68 views
Mathura
फरह। फरह ब्लॉक के बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की अनूठी पहल के तहत विकास खंड फरह में तीन दिवसीय सेवा संकल्प अभियान का समापन हेल्दी बेबी प्रतियोगिता के साथ हुआ। 9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर मनाए जा रहे सेवा पखवाड़े में यह कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहा।
समापन समारोह विकास खंड सभागार में आयोजित किया गया, जिसमें बलदेव विधायक पूरन प्रकाश ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने हेल्दी बेबी प्रतियोगिता में अव्वल रहे स्वस्थ बच्चों को पुरस्कृत कर उनका हौसला बढ़ाया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन कराकर उन्हें पोषाहार किट भी वितरित की गई।
बाल विकास परियोजना अधिकारी ने बताया कि तीन दिन तक चले इस अभियान का उद्देश्य पोषण के प्रति जागरूकता लाना था। आंगन मिलन सेवा और पोषण वितरण के जरिए महिलाओं को संतुलित आहार की जानकारी दी गई।
विधायक पूरन प्रकाश ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां और आशा बहुएं सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचा रही हैं। स्वस्थ बच्चा ही आने वाले भारत की मजबूत नींव है।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी प्रवीण कुमार झा, नायब तहसीलदार साविका शर्मा, ब्लॉक के अधिकारी, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां, आशा बहुएं और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।