यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण की 93वीं बोर्ड बैठक सम्पन्न, विकास और निवेश को लेकर लिए गए कई महत्वपूर्ण निर्णय
Gargachary Times
28 September 2026, 18:53
48 views
Noida
ग्रेटर नोएडा: यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) की 93वीं बोर्ड बैठक सोमवार को सम्पन्न हुई। बैठक में प्राधिकरण क्षेत्र के औद्योगिक विकास, निवेश, रोजगार सृजन, नागरिक सुविधाओं के रखरखाव, किसानों के हितों और आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में प्राधिकरण की वित्तीय स्थिति की समीक्षा के साथ विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा की गई।
प्राधिकरण की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में 14 सितंबर 2026 तक कुल प्राप्तियां ₹1,495.43 करोड़ थीं, जबकि वित्तीय वर्ष 2026-27 में 14 सितंबर 2026 तक कुल प्राप्तियां बढ़कर ₹4,222.37 करोड़ हो गईं। यह पिछले वर्ष की तुलना में 182.35 प्रतिशत अधिक है। विशेष रूप से औद्योगिक एवं मिक्स लैंड योजना के तहत ₹2,420.7 करोड़ की राजस्व प्राप्ति हुई, जो पूरे वर्ष के लिए निर्धारित बजट का 174.47 प्रतिशत है। वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 में 14 सितंबर तक प्राधिकरण का कुल व्यय ₹5,501.71 करोड़ दर्ज किया गया। इसमें भूमि अधिग्रहण तथा विभिन्न बैंकों से लिए गए ऋण की अदायगी पर ₹4,344.34 करोड़ खर्च किए गए। इस व्यवस्था के तहत वन टाइम लीज रेंट और अन्य पात्र गैर-आवर्ती प्राप्तियों को अलग कॉर्पस फंड में रखा जाएगा। निर्धारित नियमों के अनुसार सुरक्षित निवेश किया जाएगा तथा उससे प्राप्त ब्याज और अनुमन्य राशि का उपयोग सड़कों, जलापूर्ति, सीवरेज, ड्रेनेज, स्ट्रीट लाइट, पार्क, ग्रीन बेल्ट और अन्य नागरिक सुविधाओं के रखरखाव एवं मरम्मत में किया जाएगा।
यीडा क्षेत्र में महायोजना-2041 के तहत लॉजिस्टिक्स एवं वेयरहाउसिंग गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए मल्टी-मोडल लॉजिस्टिक्स पार्क विकसित करने की योजना को आगे बढ़ाया गया है। उत्तर प्रदेश मल्टी-मोडल लॉजिस्टिक्स पार्क नीति-2024 के अनुरूप इस पार्क के विकास तथा पात्र निवेशकों को ई-नीलामी के माध्यम से भूखंड उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को बोर्ड की मंजूरी दी गई है। इस परियोजना से औद्योगिक निवेश, रोजगार और आधुनिक सप्लाई चेन इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा मिलने के साथ यीडा क्षेत्र को प्रमुख लॉजिस्टिक्स हब के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।
आगरा अर्बन सेंटर की महायोजना-2041 को अंतिम रूप देने की दिशा में कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। संशोधित महायोजना रिपोर्ट को प्राधिकरण की 88वीं बोर्ड बैठक में प्रस्तुत किया गया था, जिसके बाद आमजन से आपत्तियां और सुझाव आमंत्रित किए गए। प्राप्त आपत्तियों एवं सुझावों का समिति द्वारा परीक्षण कर उनके निस्तारण की संस्तुति की गई है। इसके आधार पर संशोधित ड्राफ्ट महायोजना-2041 तैयार की जा रही है। इस महायोजना के माध्यम से आगरा अर्बन सेंटर के सुनियोजित एवं समग्र विकास के लिए भविष्य में भूमि उपयोग और विकास की दिशा निर्धारित की जाएगी।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के दक्षिणी क्षेत्र में लगभग 8,000 हेक्टेयर भूमि पर इंडस्ट्रियल नोड विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। इस प्रस्ताव का बोर्ड द्वारा अवलोकन किया गया। महायोजना तैयार करने के लिए कंसल्टेंट के चयन की प्रक्रिया चल रही है। इंडस्ट्रियल नोड विकसित होने से क्षेत्र में औद्योगिक निवेश, रोजगार और लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। साथ ही एयरपोर्ट के आसपास सुनियोजित औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में चीन के यीवू इंटरनेशनल ट्रेड सिटी की तर्ज पर इंटरनेशनल ट्रेड सिटी विकसित करने की दिशा में भी पहल की जा रही है।
प्रस्तावित ट्रेड सिटी में स्थानीय औद्योगिक उत्पादों के प्रदर्शन, बिक्री और निर्यात के लिए बाजार उपलब्ध कराने की योजना है। इससे स्थानीय उद्योगों को नए बाजारों तक पहुंच बनाने और वैश्विक व्यापार के अवसर प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
औद्योगिक भूखंडों पर निर्माण और उत्पादन को मिली गति
यीडा क्षेत्र में औद्योगिक निवेश को धरातल पर उतारने के लिए किए जा रहे कार्यों की बोर्ड बैठक में समीक्षा की गई।
4,000 वर्गमीटर से अधिक आकार के कुल 295 औद्योगिक भूखंडों में से 181 की लीज डीड निष्पादित हो चुकी हैं। 152 आवंटियों को कब्जा दिया गया है, जबकि 69 भूखंडों पर निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। इसके अलावा 13 औद्योगिक इकाइयों में उत्पादन भी प्रारंभ हो गया है।
मेडिकल डिवाइस पार्क में आधुनिक सुविधाओं का विकास
सेक्टर-28 स्थित मेडिकल डिवाइस पार्क में कुल 203 भूखंडों के सापेक्ष 123 भूखंड आवंटित किए गए हैं। इनमें 75 आवंटियों को कब्जा दिया जा चुका है तथा 28 भूखंडों पर निर्माण कार्य शुरू हो गया है।
पार्क में 3D प्रोटोटाइप लैब, इलेक्ट्रॉनिक्स असेंबली फैसिलिटी, IoMT, बायोमटेरियल, कॉमन आईटी फैसिलिटी और टूलिंग रूम जैसी अत्याधुनिक सुविधाओं का विकास भी प्रगति पर है।
अपैरल, एमएसएमई और हैंडीक्राफ्ट पार्क में आवंटन
सेक्टर-29 के अपैरल पार्क में 159, एमएसएमई पार्क में 503 तथा हैंडीक्राफ्ट पार्क में 188 भूखंडों का आवंटन हो चुका है।
अपैरल पार्क में 110 और हैंडीक्राफ्ट पार्क में 83 आवंटियों को कब्जा मिल चुका है। वहीं, सेक्टर-33 के टॉय पार्क में 148 भूखंड आवंटित किए जा चुके हैं।
लंबित मामलों के निस्तारण के लिए साप्ताहिक समीक्षा
आवंटित भूखंडों पर निर्माण एवं उत्पादन को गति देने के लिए साप्ताहिक समीक्षा व्यवस्था लागू की गई है। इसके माध्यम से लीज डीड, कब्जा, मानचित्र स्वीकृति, निर्माण और पूर्णता प्रमाण-पत्र से संबंधित लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण कराया जा रहा है।
प्राधिकरण का उद्देश्य आवंटन से निर्माण और निर्माण से उत्पादन तक की प्रक्रिया को तेज करना है, ताकि निवेश वास्तविक औद्योगिक परियोजनाओं में परिवर्तित हो सके और क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित हों।
93वीं बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णयों से यीडा क्षेत्र में औद्योगिक विकास, आधारभूत संरचना, निवेश और नागरिक सुविधाओं को नई दिशा देने की पहल की गई है।