सीएम योगी के संभावित दौरे को लेकर अलर्ट, CDO और DPRO ने परखीं मेले की तैयारियां
Gargachary Times
28 September 2026, 18:55
51 views
Mathura
फरह। मथुरा जिले के दीनदयाल धाम फरह में 7, 8, 9 और 10 अक्टूबर को लगने वाले पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति महोत्सव मेले को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है। इस बार मेले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने की प्रबल संभावना जताई जा रही है, जिसको लेकर तैयारियों को और तेज कर दिया गया है।
सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता और जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल ने प्रदर्शनी स्थल का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने दीनदयाल धाम के निदेशक सोनपाल और सर्व व्यवस्था प्रमुख नीरज गर्ग के साथ मेला समिति के पदाधिकारियों से बैठक कर व्यवस्थाओं पर चर्चा की।
इस वर्ष मेले की मुख्य थीम 'अंत्योदय-स्वावलंबन' रखी गई है। सीडीओ ने प्रदर्शनी स्थल, मंच, पंडाल, पार्किंग और स्वच्छता व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मेले के सफल संचालन के लिए हाल ही में मेला समिति की बैठक हो चुकी है, जिसमें सुरक्षा और कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई थी। अब सीएम के संभावित दौरे को देखते हुए प्रशासन कोई कसर नहीं छोड़ना चाहता।
निरीक्षण के दौरान विकास खंड अधिकारी प्रवीण कुमार झा सहित ब्लॉक के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।