ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग, कांग्रेसियों ने निकाला विरोध मार्च
Gargachary Times
28 September 2026, 20:17
43 views
Firozabad
फिरोजाबाद। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग को लेकर कांग्रेसियों ने सोमवार को पुलिस चौकी से जिलाधिकारी कार्यालय तक विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और राष्ट्रपति के नाम तीन सूत्रीय मांगपत्र जिलाधिकारी को सौंपा।
विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “ज्ञानेश कुमार को जेल भेजो”, “ज्ञानेश कुमार मुर्दाबाद”, “वोट चोर गद्दी छोड़” और “पहले लड़े थे गोरों से, अब लड़ेंगे चोरों से” जैसे नारे लगाए। प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी कांग्रेस की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किए जाने की खबरें सामने आई हैं।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामनिवास यादव एवं महानगर अध्यक्ष शफत खान राजू ने संयुक्त रूप से आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने अपने पद का दुरुपयोग किया है। उन्होंने उन्हें तत्काल पद से बर्खास्त कर गिरफ्तार करने तथा उनके खिलाफ मुकदमा चलाने की मांग की। नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार के इशारे पर करोड़ों वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए और इससे भाजपा को चुनावी लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
विरोध मार्च में वरिष्ठ नेता हाजी शईद पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष धर्म सिंह यादव एडवोकेट, जिला उपाध्यक्ष राजवीर सिंह यादव, जितेंद्र तिवारी, प्रदीप कुमार शर्मा एडवोकेट, सगीर कुरैशी, जाहिर खाकसार, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजय यादव, जिला महासचिव शैलेंद्र शुक्ला, शांतिदास शंखवार, संदीप कुमार ओझा, यश दुबे, विराट दिवाकर, लाला रायन पार्षद, संतोष कुमार कुशवाहा एडवोकेट, शैलेंद्र शर्मा, उमर फारूक, योगेश कुमार उर्फ बिट्टू यादव, मोहम्मद सलीम, एमडी पिप्पल, डॉ. बीएस गौतम, रामसेवक वेद, आशीष तिवारी, शिप्रा उपाध्याय, अजय शर्मा, वकार खालिद, आकांक्षा तिवारी, वीरेंद्र सिंह, खेतपाल, रामप्रवेश, जयपाल यादव, संजय रावत, कृष्णकांत यादव, राजुद्दीन अली, केशव देव, जगदीश वाल्मीकि, विजय कुमार, नवेद आलम, मुजीब अंसारी, कमल सिंह, महेंद्र गांधी, ओंकार सिंह, रविकांत, शैलेश देवी, अशरफ अहमद, जयराम प्रजापति, खजांची दिवाकर सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।