जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में डीएम ने स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा की, कम प्रगति वाले अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश
Gargachary Times
28 September 2026, 20:19
50 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम बदन राम, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक नवीन जैन, मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल सहित सभी सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में सर्वप्रथम आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आभा आईडी निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आभा आईडी बनाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत जनपद के सभी सरकारी कर्मचारियों, अधिकारियों एवं पेंशनरों के कैशलेस कार्ड बनाए जाने हैं। इसके लिए तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर 28 से 31 सितंबर तक विशेष कैंप आयोजित कर कार्ड बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।
जिलाधिकारी ने बिलों एवं मरीजों की डिस्चार्ज समरी के सत्यापन के लिए डॉक्टरों एवं अधिकारियों की टीम गठित कर रैंडम भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों एवं ब्लॉक प्रोग्राम प्रबंधकों को आशा एवं एएनएम के कार्यों का नियमित अनुश्रवण करने को कहा।समीक्षा के दौरान टूंडला, हाथवंत, धनपुरा एवं शिकोहाबाद ब्लॉकों में कार्यरत एएनएम एवं आशा कार्यकत्रियों द्वारा सी-बैक फॉर्म भरने तथा स्क्रीनिंग का कार्य अपेक्षित रूप से नहीं किए जाने पर जिलाधिकारी ने गहरा असंतोष व्यक्त किया और कार्य में सुधार के निर्देश दिए।
10.40 लाख के लक्ष्य के सापेक्ष 7.40 लाख आयुष्मान कार्ड बने
आयुष्मान कार्ड की प्रगति की समीक्षा में जिलाधिकारी को बताया गया कि जनपद में 10,40,254 आयुष्मान कार्ड बनाए जाने का लक्ष्य निर्धारित है, जिसके सापेक्ष अब तक 7,40,878 कार्ड बनाए जा चुके हैं। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र नागरिक का आयुष्मान कार्ड अनिवार्य रूप से बनाया जाए।
समीक्षा में अरांव, जसराना एवं टूंडला में आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रगति कम पाए जाने पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को संबंधित प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा के दौरान टूंडला के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी के स्तर पर प्रकरण लंबित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने तथा स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।