टोल प्लाजा के पास चलती कार से स्टंट करने का मामला, 24 घंटे के अंदर टूंडला पुलिस ने की कार्रवाई
Gargachary Times
29 September 2026, 20:23
41 views
Lucknow
फिरोजाबाद। सोशल मीडिया पर चलती कार से स्टंट करने का वीडियो वायरल होने के बाद टूंडला पुलिस ने 24 घंटे के अंदर कार्रवाई करते हुए एक युवक को वेन्यू कार समेत हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार कार में सवार युवक चलती गाड़ी से बाहर निकलकर स्टंट कर रहे थे।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जनपद में स्टंटबाजों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व और क्षेत्राधिकारी टूंडला के पर्यवेक्षण में थाना टूंडला पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लिया। वीडियो में सफेद रंग की वेन्यू कार संख्या UP83BJ5308 में तीन युवक चलती कार से बाहर निकलकर स्टंट करते दिखाई दे रहे थे।
पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर पंजीकृत स्वामी पंकज पुत्र प्रदीप कुमार निवासी पचवान, थाना नारखी को कार समेत तलब किया। पूछताछ में पंकज ने पुलिस को बताया कि 27 सितंबर को वही कार चला रहा था और उसके साथ तीन दोस्त थे, जो टूंडला टोल प्लाजा के पास चलती कार में स्टंट कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार संज्ञेय अपराध की संभावना और शांति व्यवस्था के दृष्टिगत पंकज को धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत हिरासत में लिया गया। स्टंट के दौरान वाहन को लापरवाही एवं खतरनाक तरीके से चलाए जाने के मामले में कार को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 एवं धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया।पुलिस ने बताया कि पंकज का धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत चालानी रिपोर्ट के माध्यम से न्यायालय में चालान किया गया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक बैजनाथ सिंह, उपनिरीक्षक हर्षित कुमार और कांस्टेबल गोपीचंद्र थाना टूंडला शामिल रहे।