प्राथमिक विद्यालय राया के छात्रों ने किया स्वास्थ्य केंद्र का शैक्षिक भ्रमण
Gargachary Times
1 October 2026, 19:33
73 views
Mathura
राया। प्राथमिक विद्यालय राया में अध्ययनरत छात्रों की टीम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राया का शैक्षिक भ्रमण किया। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को अस्पताल से निकलने वाले बायो-मेडिकल वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण, अलग-अलग रंगों के कूड़ेदानों के प्रयोग तथा हाथ धोने की सही विधि (सुमन-के) के बारे में जानकारी देना रहा
अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनई डॉ. विपिन कुमार एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ ललित सामी ने विद्यार्थियों को बताया कि अस्पताल से निकलने वाला कचरा सामान्य कचरे की अपेक्षा अधिक संवेदनशील और संक्रमण फैलाने वाला हो सकता है। इसलिए इसका पृथक-अलग श्रेणियों में सुरक्षित निस्तारण किया जाता है।छात्रा छात्राओं को बताया गया कि लाल रंग के डिब्बे में प्लास्टिक से संबंधित कचरा, जैसे ट्यूबिंग, कैथेटर, दस्ताने, आईवी सेट, ब्लड बैग, यूरिन बैग, सीरिंज और प्लास्टिक की बोतलें डाली जाती हैं। पीले डिब्बे में मानव ऊतक, प्लास्टर, रुई, गंदी पट्टियां तथा मानव शरीर के कटे हुए भाग आदि का निस्तारण किया जाता है।
इसी प्रकार नीले डिब्बे में दवाओं के वायल एवं एम्प्यूल तथा कांच की बोतलें, जबकि सफेद डिब्बे में नुकीली वस्तुएं जैसे ब्लेड, शार्प मेटल और सुई रखी जाती हैं। काले डिब्बे में ई-वेस्ट तथा हरे डिब्बे में नगर पंचायत राया द्वारा निस्तारित किए जाने वाला सामान्य कचरा, जैसे कागज और खाने के अवशेष आदि डाले जाते हैं।
अस्पताल के बायो-मेडिकल वेस्ट को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित तरीके से ले जाकर विशेष तकनीकों के माध्यम से नष्ट किया जाता है, ताकि संक्रमण फैलने का खतरा न रहे।
सुमन-के विधि से हाथ धोने की जानकारी
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को हाथ धोने की विधि भी समझाई गई। बताया गया कि केवल पानी से हाथ धोना पर्याप्त नहीं है। हाथों को अच्छी तरह साफ करने के लिए हथेली से हथेली रगड़ना, हाथों की उल्टी सतह और उंगलियों के बीच सफाई करना, मुट्ठी बनाकर हथेलियों को रगड़ना, अंगूठे को साफ करना, नाखूनों की सफाई करना तथा अंत में कलाई तक अच्छी तरह साफ करना जरूरी है।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ विपिन कुमार सभी छात्र छात्राओं को स्वच्छता और सुरक्षित कचरा निस्तारण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।