सिरसा नदी पुनरुद्धार परियोजना को मिला प्रतिष्ठित राष्ट्रीय 'स्कॉच गोल्ड अवॉर्ड, जिले का मान बढ़ा
Gargachary Times
1 October 2026, 20:05
47 views
Firozabad
जल संरक्षण और नदी पुनरुद्धार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए जिले ने राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। ऐतिहासिक सिरसा नदी के कायाकल्प और पुनरुद्धार के लिए जिले को राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित 'स्कॉच गोल्ड अवॉर्ड' से सम्मानित किया गया है।
दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त किया। जिला मुख्यालय लौटने पर मुख्य विकास अधिकारी ने यह सम्मान जिलाधिकारी को समर्पित किया।इस ऐतिहासिक उपलब्धि के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा सिरसा नदी पुनरुद्धार परियोजना को धरातल पर उतारने वाले सभी खंड विकास अधिकारियों, तकनीकी टीमों, पंचायत सचिवों और परियोजना से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
1.20 लाख से अधिक मानव दिवसों का हुआ सृजन सिरसा नदी के कायाकल्प के दौरान बड़े पैमाने पर जन-भागीदारी और ग्रामीण रोजगार को बढ़ावा दिया गया। परियोजना के अंतर्गत चौपालों और व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से आमजन को जागरूक किया गया, जिसके परिणामस्वरूप अभियान के दौरान 1,20,719 मानव दिवसों का सृजन हुआ। जल स्तर और खेती में हुआ अभूतपूर्व सुधार नदी का पुनरुद्धार होने से क्षेत्र के भूजल स्तर में भारी सुधार दर्ज किया गया है, जिससे स्थानीय किसानों को सिंचाई में अत्यधिक लाभ मिल रहा है। नदी में पुनः पानी का निरंतर प्रवाह शुरू होने से क्षेत्र की फसलों की पैदावार और किसानों की आय में वृद्धि का मार्ग प्रशस्त हुआ है।जिलाधिकारी ने इस अवसर पर कहा कि यह पुरस्कार जिले के प्रत्येक अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीण नागरिक के सामूहिक प्रयास एवं अटूट लगन का प्रतिफल है। यह सफलता जिले के विकास और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।