Loading...

अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर डीएम ने वृद्ध आश्रम का किया निरीक्षण, बुजुर्गों को बांटे वस्त्र

Gargachary Times 1 October 2026, 20:06 48 views
Firozabad
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर डीएम ने वृद्ध आश्रम का किया निरीक्षण, बुजुर्गों को बांटे वस्त्र
फिरोजाबाद। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बन्ना रोड, टुंडला स्थित आवासीय वृद्ध आश्रम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान आश्रम में कुल 60 वृद्धजन आवासित मिले। जिलाधिकारी ने सभी बुजुर्गों से आत्मीयता के साथ बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना और आश्रम में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने वृद्धजनों को संबोधित करते हुए कहा कि वे सभी प्रशासन और समाज के लिए परिवार के सदस्यों की तरह हैं। उनकी देखभाल और सम्मान करना सभी का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों और प्रशासन के बीच संबंध केवल व्यवस्था तक सीमित नहीं, बल्कि भावनात्मक जुड़ाव का भी है। उन्होंने बताया कि आश्रम में रहने वाले बुजुर्गों के स्वास्थ्य की नियमित जांच और बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए विशेष चिकित्सा टीम भेजी जा रही है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि किसी भी वृद्धजन को स्वास्थ्य अथवा अन्य किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर आश्रम में निवास कर रहीं वृद्ध महिलाओं को साड़ियां तथा पुरुषों को वस्त्र वितरित किए गए। जिलाधिकारी ने बुजुर्गों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन उनकी आवश्यकताओं का ध्यान रखेगा और उन्हें अकेलेपन का अहसास नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने आश्रम में साफ-सफाई, भोजन और अन्य व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। प्रशासन की ओर से कहा गया कि वृद्ध आश्रम में ऐसा वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, जहां बुजुर्ग सम्मान और अपनत्व के साथ जीवन व्यतीत कर सकें।
Follow Samachar24