मक्खनपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ दो गिरफ्तार
Gargachary Times
2 October 2026, 20:19
77 views
Firozabad
फिरोजाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में जनपद में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मक्खनपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की विभिन्न ब्रांडों की पेटियां और क्वार्टर शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी शिकोहाबाद के पर्यवेक्षण में थाना मक्खनपुर पुलिस टीम ने 2 अक्टूबर की रात करीब 12:30 बजे ग्राम सलेमपुर में कार्रवाई की। इस दौरान राजीव पुत्र प्राग सिंह, उम्र करीब 24 वर्ष और संजीव पुत्र प्राग सिंह, उम्र करीब 30 वर्ष, निवासी सलेमपुर बरियारमऊ, थाना मक्खनपुर को गिरफ्तार किया गया।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 पेटी केस प्रीमियम ग्रेन व्हिस्की, एक पेटी मैजिक मोमेंट वोडका, 6 पेटी रॉयल मोमेंट्स अल्ट्रा देशी शराब, 2 पेटी ऑफिसर चॉइस, 4 पेटी ओल्ड मोंक तथा बडवाइजर और गॉडफादर बीयर समेत 30 से अधिक पेटी शराब बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा 120 क्वार्टर विंध्य मजेदार मसाला और 115 क्वार्टर रॉयल मोमेंट्स देशी शराब भी बरामद हुई।पुलिस के मुताबिक बरामद शराब में एक पेटी मैकडॉवल्स भी शामिल है, जिस पर ‘पंजाब ओनली’ अंकित है। पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले में शराब के स्रोत और इसकी बिक्री से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।