पुलिस लाइन में गांधी-शास्त्री जयंती मनाई, एसएसपी ने दिलाई सत्य-अहिंसा व कर्तव्यनिष्ठा की शपथ
Gargachary Times
2 October 2026, 20:21
47 views
Firozabad
फिरोजाबाद। फिरोजाबाद पुलिस द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं स्वतंत्र भारत के दूसरे प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर पुलिस लाइन परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन कर उन्हें नमन किया और सलामी दी।
इस अवसर पर एसएसपी आदित्य लांग्हे ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन एवं आदर्शों को याद करते हुए कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम का नेतृत्व किया और पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा बने। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री ने ‘जय जवान, जय किसान’ के नारे के साथ देश की सेवा की और सादगीपूर्ण जीवन के माध्यम से नेतृत्व का उदाहरण प्रस्तुत किया।
उन्होंने पुलिसकर्मियों से दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने आचरण एवं कार्यशैली में अपनाने का आह्वान किया। कहा कि पुलिसकर्मियों को सत्यनिष्ठा, अनुशासन और सेवा भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। साथ ही मानवीय मूल्यों एवं राष्ट्र प्रथम की भावना को अपने कार्यस्थल और व्यक्तिगत जीवन में उतारना चाहिए।
इसके बाद एसएसपी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्य, अहिंसा एवं कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। उन्होंने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को कंबल वितरित किए। वहीं उपस्थित पुलिसकर्मियों को मिष्ठान भी वितरित किया गया।
जयंती के अवसर पर जनपद के सभी थानों, चौकियों एवं पुलिस कार्यालयों में भी पुलिसकर्मियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को नमन कर उनके आदर्शों को याद किया।
कार्यक्रम में सहायक पुलिस अधीक्षक जयबिन्द गुप्ता (आईपीएस), प्रतिसार निरीक्षक सुरेंद्र विक्रम सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।