Loading...

23 अक्टूबर से सजेगा वृंदावन में भव्य रामलीला महोत्सव, 27 को निकलेगी दिव्य राम बारात

Gargachary Times 3 October 2026, 19:28 47 views
Mathura
23 अक्टूबर से सजेगा वृंदावन में भव्य रामलीला महोत्सव, 27 को निकलेगी दिव्य राम बारात
वृंदावन - श्री रामलीला कमेटी वृन्दावन ट्रस्ट पंजीकृत के तत्वाधान में दिव्याकर्षक रामलीला महोत्सव का आयोजन 23 अक्टूबर से 05 नवम्बर तक किया जा रहा है। श्री रंगजी के बड़ा बगीचा मैदान में आयोजित होने वाले रामलीला महोत्सव को भव्य स्वरूप प्रदान करने के लिए आयोजक समिति द्वारा तैयारिया शुरू कर दी गई है। इस संबंध में शनिवार को एक पत्रकार वार्ता का आयोजन वृन्दावन गार्डन में किया गया, जिसमें रामलीला महोत्सव के आमंत्रण कार्ड का विमोचन भी किया गया। पत्रकार वार्ता में कमेटी के संस्थापक अध्यक्ष आलोक बंसल एवं अध्यक्ष भीमसेन अग्रवाल ने बताया कि वृंदावन धाम में रामलीला महोत्सव के आयोजन का इतिहास सवा सौ साल से भी पुराना है। जिसमें ऐतिहासिक रूप से शारदीय नवरात्रि के उपरांत कान्हा की नगरी में भव्य रामलीला महोत्सव प्राचीन समय से आयोजित होता रहा है। वर्तमान में श्री रामलीला कमेटी वृन्दावन ट्रस्ट पंजीकृत द्वारा उक्त परम्परा का निर्वहन करते हुए विगत वर्षों से नगरवासियों के सहयोग और उत्साह से महोत्सव को आगे बढ़ाया जा रहा है।जो अब समय के साथ नई ऊंचाइयों को छू रहा है। इस वर्ष श्री राधा सर्वेश्वर लीला संस्थान के आचार्य सौरभ द्विवेदी के निर्देशन में अनुभवी पात्रों द्वारा 23 अक्तूबर से रामलीला मंचन किया जायेगा। उपाध्यक्ष बंशी तिवारी एवं महामंत्री अनिल गौतम ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ श्री गणपति पूजन,मुकुट पूजन और श्री राम जन्म से होगा। इसी क्रम में 27 अक्तूबर को शहर में राम बारात निकलेगी, जिसके संयोजक नवीन चौधरी ने बताया कि इस बार की राम बारात और भी दिव्य व भव्य होगी। इसमें दिल्ली, आगरा सहित विभिन्न जिलों के बैंड शोभा बढ़ाएंगे। जनकपुरी संयोजक नीरज गौतम एवं गोविन्द खंडेलवाल ने बताया कि बांके बिहारी मार्केट को जनकपुरी के रूप में भव्यता के साथ सजाया जाएगा। कोषाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण दीक्षित एवं संयोजक शुभम अग्रवाल ने बताया कि 03 नवम्बर को रावण दहन लीला के साथ-साथ भव्य आतिशबाजी का आयोजन भी किया जाएगा। 04 नवम्बर को लोई बाजार में राम भरत मिलाप लीला का आयोजन किया जाएगा। इसके आयोजक लोई बाजार के समस्त व्यापारी हैं । संयोजक अलौकिक शर्मा कान्हा ने बताया कि इस बार रामलीला में 05 नवम्बर को राज्याभिषेक के बाद छप्पन भोग, गोवर्धन लीला लीला का भी मंचन किया जायेगा। मुख्य संयोजक श्री गोपाल वशिष्ठ ने सभी धर्म प्रेमी बंधुओं से आग्रह किया है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर भगवान श्री राम का आशीर्वाद ग्रहण करें।
Follow Samachar24