आईसीएआर के महानिदेशक डॉ. मांगी लाल जाट का दो दिवसीय मखदूम दौरा, केन्द्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान की गतिविधियों का लिया जायजा
Gargachary Times
3 October 2026, 19:33
38 views
Mathura
फ़रह। (मथुरा) मखदूम भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक एवं डेयर सचिव डॉ. मांगी लाल जाट का 2 से 3 अक्टूबर 2026 तक केन्द्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान (सीआईआरजी), मखदूम में दो दिवसीय दौरा एवं भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
दौरे के पहले दिन संस्थान के निदेशक डॉ. मनीष कुमार चेटली सहित वरिष्ठ वैज्ञानिकों, विभागाध्यक्षों और अधिकारियों ने महानिदेशक का स्वागत किया।
दौरे के दौरान डॉ. जाट ने संस्थान की अनुसंधान प्रयोगशालाओं, प्रौद्योगिकी विकास इकाइयों, बकरी प्रक्षेत्रों, पशु स्वास्थ्य एवं उत्पादन इकाइयों का भ्रमण किया। उन्होंने बकरी पालन के क्षेत्र में संस्थान द्वारा किए जा रहे अनुसंधान कार्यों, किसानों के लिए संचालित योजनाओं और विकसित नई तकनीकों की विस्तृत जानकारी ली।
इस अवसर पर वैज्ञानिकों ने उत्पादन, प्रजनन, पोषण, स्वास्थ्य प्रबंधन, प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन से जुड़ी प्रमुख परियोजनाओं और उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण दिया। महानिदेशक ने कहा कि अनुसंधान को किसानों की वास्तविक जरूरतों से जोड़ना जरूरी है, ताकि विकसित तकनीकों का लाभ सीधे पशुपालकों तक पहुंच सके।
कार्यक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा किसानों और बकरी पालकों के साथ संवाद रहा। डॉ. जाट ने किसानों से आत्मीयता से बातचीत कर उनकी समस्याएं, अनुभव और अपेक्षाएं जानीं। उन्होंने बकरी पालन में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों पर चर्चा करते हुए तकनीकों के प्रभावी प्रसार पर जोर दिया।
साथ ही संस्थान की प्रशासनिक एवं अनुसंधान गतिविधियों की समीक्षा बैठक भी हुई। उन्होंने भविष्य की योजनाओं, अधोसंरचना विकास और नवाचार पर वैज्ञानिकों के साथ मंथन किया तथा सीआईआरजी को बकरी अनुसंधान का राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी केंद्र बनाने का आह्वान किया।
महानिदेशक के इस दौरे से संस्थान के वैज्ञानिकों और कर्मचारियों में नया उत्साह देखने को मिला है।