लोन का झांसा देकर 12.95 लाख रुपये की साइबर ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार
Gargachary Times
3 October 2026, 20:01
63 views
Firozabad
फिरोजाबाद। लोन की ब्याज दर कम कराने और अधिक राशि का लोन दिलाने का झांसा देकर 12 लाख 95 हजार रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में लायक राम पुत्र हरप्रसाद सिंह निवासी ओगर नगला राजू, थाना गभाना, जनपद अलीगढ़ और अशोक पुत्र चरन सिंह निवासी ओगर नगला राजू, थाना गभाना, अलीगढ़ शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक पीड़ित अमन ने साइबर क्राइम थाने में तहरीर देकर बताया था कि उसके पास साइबर ठगों का फोन आया। आरोपियों ने खुद को आदित्य बिरला कैपिटल से जुड़ा बताते हुए कहा कि उसके चल रहे लोन की ब्याज दर कम करा दी जाएगी और व्यवसाय बढ़ाने के लिए अधिक राशि का लोन भी दिलाया जाएगा। आरोपियों ने पीड़ित के लोन नंबर, बकाया धनराशि, पैन कार्ड नंबर और पता तक बताया, जिससे उसे विश्वास हो गया कि फोन करने वाले कंपनी से ही जुड़े हैं।
इसके बाद आरोपियों ने इंश्योरेंस और एनओसी आदि के नाम पर अलग-अलग माध्यमों से पीड़ित से कुल 12 लाख 95 हजार रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। ठगी का पता चलने पर पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना साइबर क्राइम में मुकदमा अपराध संख्या 10/2026, धारा 318 बीएनएस और 66डी आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।एसएसपी आदित्य लांग्हे के निर्देशन में चलाए जा रहे साइबर अपराध विरोधी अभियान के तहत पुलिस टीम ने ठोस साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी लायक राम का पूर्व में भी कई मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ गभाना थाने में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गुंडा एक्ट सहित छह मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह, निरीक्षक शैलेन्द्र गिरी, उपनिरीक्षक जितेन्द्र सिंह, कांस्टेबल वृन्दावन बिहारी पाण्डेय और कांस्टेबल अक्षय कुमार शामिल रहे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।