शिकोहाबाद सर्राफा लूटकांड में 50 हजार का इनामी बदमाश हरियाणा से गिरफ्तार
Gargachary Times
3 October 2026, 20:01
72 views
Firozabad
फिरोजाबाद। शिकोहाबाद में सर्राफा कारोबारी से लूट के मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को शिकोहाबाद पुलिस और एसओजी टीम ने हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भीष्म उर्फ फौजी उर्फ मोटा पुत्र मंजीत निवासी मलिकपुर बांगर, थाना विलासपुर, यमुनानगर, हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक एंड्रायड मोबाइल फोन बरामद किया है।पुलिस के अनुसार 12 जून 2026 को खत्राना मोहल्ला निवासी सर्राफा कारोबारी हरिओम वर्मा कटरा बाजार स्थित अपनी ज्वैलर्स की दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से घर जा रहे थे। डॉ. मोहन के घर के पास पहले से मौजूद मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने उनकी आंखों में मिर्च झोंक दी और मोटरसाइकिल पर रखे ज्वैलरी के थैले को काटकर लूट लिया था। मामले में थाना शिकोहाबाद में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू की।विवेचना के दौरान दिल्ली के कापसहेड़ा थाना पुलिस ने 15 जून को सुनील, मुकेश उर्फ जोगेंद्र उर्फ लम्बू और गुलजार को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से 11 लाख रुपये बरामद हुए थे। इसके बाद 19/20 जून की रात शिकोहाबाद पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने मुठभेड़ के दौरान सुमित शर्मा उर्फ भोला, नीरज शर्मा और कौशेंद्र हरसाना को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से क्रमश: नौ लाख, आठ लाख और दो लाख रुपये बरामद हुए थे। दोनों कार्रवाइयों में कुल 30 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई थी।विवेचना में भीष्म उर्फ फौजी उर्फ मोटा का नाम सामने आया था। इसके बाद से वह लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस के अनुसार 2 अक्टूबर को मुखबिर की सूचना पर थाना विलासपुर क्षेत्र के सधौरा रोड स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया गया।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ हरियाणा, उत्तर प्रदेश और अन्य स्थानों में चोरी, लूट एवं आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। आरोपी को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार, प्रभारी निरीक्षक प्रेमशंकर पांडेय (एसओजी), प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार (सर्विलांस सेल), उपनिरीक्षक फैसल खान सहित थाना शिकोहाबाद, एसओजी और सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।