सेवा संकल्प अभियान के तहत नारखी में 23 दिव्यांगों को मिली ट्राईसाइकिल
Gargachary Times
3 October 2026, 20:02
29 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जनपद में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शनिवार को विकासखंड नारखी परिसर में दिव्यांग सशक्तिकरण एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के 23 जरूरतमंद दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल वितरित की गईं।
ट्राईसाइकिल मिलने पर दिव्यांगजनों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। लाभार्थियों ने ट्राईसाइकिल मिलने से आवागमन में सुविधा होने और आत्मनिर्भरता बढ़ने की उम्मीद जताई। कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और अतिथियों ने दिव्यांगजनों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर दिया।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अभिषेक प्रताप सिंह ने कहा कि दिव्यांगजनों को सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने पात्र दिव्यांगजनों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।कार्यक्रम में नारखी के खंड विकास अधिकारी ओमप्रकाश यादव, सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण राहुल चाहर, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग से विवेक कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि पात्र दिव्यांगजनों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।