डीएम ने युवा शक्ति को वैज्ञानिक सोच और स्वावलंबन से जोड़ने पर दिया जोर
Gargachary Times
3 October 2026, 20:02
40 views
Firozabad
फिरोजाबाद। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत शनिवार को जनपद में युवाओं की प्रतिभा को निखारने और उनमें वैज्ञानिक सोच विकसित करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने दिन की शुरुआत विकास भवन में आयोजित छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम में प्रतिभाग कर विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने और स्वावलंबी बनने के लिए प्रेरित किया।इसके बाद जिलाधिकारी एफएस विश्वविद्यालय पहुंचे, जहां इसरो अहमदाबाद से आए वैज्ञानिकों की मौजूदगी में विज्ञान प्रदर्शनी एवं संवाद सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अंतरिक्ष विज्ञान और आधुनिक तकनीकों पर आधारित विभिन्न मॉडल देखे।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को इसरो के वैज्ञानिकों से सीधे संवाद और सवाल-जवाब करने का अवसर मिला। वैज्ञानिकों ने विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान, तकनीक और अनुसंधान के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। इससे विद्यार्थियों में वैज्ञानिक क्षेत्र में आगे बढ़ने और देश के विकास में योगदान देने की प्रेरणा मिली।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके लिए युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और तर्कसंगत सोच विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि किसी भी विषय को समझते समय अपने मन में ‘क्यों’ और ‘कैसे’ जैसे सवाल जरूर रखें। जिज्ञासा और वैज्ञानिक सोच ही नई खोजों और नवाचार का आधार बनती है।
जिलाधिकारी ने इसरो से आए वैज्ञानिक राहुल देव, राहुल जैन, अंकित गुप्ता, नेहा मिश्रा, भावेश सोलंकी, किरन परमार और बशीर मोहम्मद अंसारी सहित अन्य वैज्ञानिकों का स्वागत किया। उन्होंने जनपद में विज्ञान से जुड़ा आयोजन कराने के लिए विश्वविद्यालय प्रबंधन को बधाई दी।
कार्यक्रम के माध्यम से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत युवाओं को शिक्षा और छात्रवृत्ति के साथ वैज्ञानिक सोच, नवाचार और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का संदेश दिया गया।