वैद्य ओमप्रकाश शर्मा आयुर्वेद विभाग जयपुर में अतिरिक्त निदेशक विशेषाधिकारी (OSD) नियुक्त
Gargachary Times
4 October 2026, 19:37
42 views
Dholpur
धौलपुर/सरमथुरा। सरमथुरा क्षेत्र के गांव पवैनी निवासी वैद्य ओमप्रकाश शर्मा को आयुर्वेद विभाग, जयपुर में अतिरिक्त निदेशक विशेषाधिकारी (OSD) की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। उनकी नियुक्ति पर आयुर्वेद चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं पत्रकारों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
गांव पवैनी निवासी रामजीलाल पाराशर के पुत्र वैद्य ओमप्रकाश शर्मा लंबे समय से आयुर्वेद चिकित्सा के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे इससे पूर्व मुख्यमंत्री निवास पर आयुर्वेद चिकित्सक के रूप में कार्यरत रहे हैं। अब राज्य सरकार द्वारा उन्हें आयुर्वेद विभाग जयपुर में अतिरिक्त निदेशक विशेषाधिकारी (OSD) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वैद्य ओमप्रकाश शर्मा को विभाग में महत्वपूर्ण दायित्व मिलने की जानकारी मिलते ही उनके पैतृक गांव पवैनी सहित सरमथुरा और धौलपुर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। क्षेत्र के लोगों ने इसे जिले के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर आयुर्वेद चिकित्सा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण स्थान प्राप्त करना अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायी है।
शुभचिंतकों ने विश्वास व्यक्त किया कि वैद्य ओमप्रकाश शर्मा अपने अनुभव और आयुर्वेद चिकित्सा के क्षेत्र में अर्जित ज्ञान का उपयोग विभाग की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आयुर्वेद चिकित्सा सेवाओं के विस्तार में करेंगे। उनकी नई जिम्मेदारी से आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति को प्रोत्साहन देने और विभागीय स्तर पर जनहित से जुड़े कार्यों को गति मिलने की भी उम्मीद जताई गई है।
उनकी नियुक्ति पर वैद्य जीवन लाल शर्मा, आयुर्वेद चिकित्सक ऋतिका व्यास, वैद्य गोविंद शिवहरे, डॉ. रामनरेश शर्मा, डॉ. विकास पाराशर, डॉ. मानसी पाराशर, प्रधानाध्यापक कुंजबिहारी शर्मा, राधाचरण शर्मा, मंजरी फाउंडेशन के एकाउंटेंट श्यामसुंदर शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार गोपेश पचौरी, वरिष्ठ पत्रकार सतीश चंद दीक्षित तथा श्रीभगवान शर्मा सहित अनेक लोगों ने हर्ष व्यक्त किया है।
सभी ने वैद्य ओमप्रकाश शर्मा को नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल और सफल भविष्य की कामना की। शुभचिंतकों ने कहा कि उनकी यह उपलब्धि न केवल पवैनी गांव और सरमथुरा क्षेत्र, बल्कि पूरे धौलपुर जिले के लिए सम्मान और गौरव की बात है।