मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का सीएमओ ने किया निरीक्षण, मरीजों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देने के निर्देश
Gargachary Times
4 October 2026, 19:45
72 views
Firozabad
फिरोजाबाद। नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगला बरी पर रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम बदन राम ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेले में आमजन को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, औषधि वितरण, जांच सुविधाओं, टीकाकरण तथा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।सीएमओ ने मेले में लगाए गए विभिन्न काउंटरों का निरीक्षण करते हुए लाभार्थियों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही पात्र लाभार्थियों को स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।निरीक्षण के दौरान डॉ. राम बदन राम ने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक भी लिया तथा उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य मेला शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है, जिसके माध्यम से लोगों को उनके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर निःशुल्क एवं समग्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मेले में गैर संचारी रोगों की स्क्रीनिंग, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, परिवार नियोजन परामर्श, नियमित टीकाकरण, संचारी रोगों की रोकथाम और आयुष्मान भारत योजना सहित अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों की भी समीक्षा की गई। सीएमओ ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत स्वच्छता, मच्छर जनित रोगों की रोकथाम और जनजागरूकता गतिविधियों को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की साफ-सफाई, औषधियों की उपलब्धता और अभिलेखों के रख-रखाव की भी जांच की। इस दौरान संबंधित चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य कर्मी और विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।