शिकोहाबाद में टायर फैक्ट्री में भीषण आग, लाखों का माल जलकर राख
Gargachary Times
4 October 2026, 19:46
59 views
Firozabad
फिरोजाबाद। शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के गांव उर्मुरा के पास रविवार दोपहर टायर से तेल निकालने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। फैक्ट्री से उठता काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया, जबकि आग की ऊंची लपटें करीब 10 किलोमीटर दूर से नजर आने की बात कही गई।
आग की सूचना मिलते ही शिकोहाबाद समेत आसपास के थानों की पुलिस और दमकल विभाग की करीब एक दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए लगातार पानी की बौछार की। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
बताया गया कि फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में टायर और रबर का स्टॉक रखा हुआ था। इसी वजह से आग तेजी से फैलती चली गई। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। प्रशासन और पुलिस ने एहतियात के तौर पर फैक्ट्री के आसपास लोगों की आवाजाही रोक दी।आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। फैक्ट्री में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन आग पूरी तरह बुझने और फैक्ट्री का निरीक्षण किए जाने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस और प्रशासन की टीम घटना की जानकारी जुटाने में लगी है।