Loading...

सेवा संकल्प अभियान में विधायक ने स्टॉलों का किया निरीक्षण, गर्भवती महिला की हुई गोद भराई

Gargachary Times 5 October 2026, 20:15 44 views
Mathura
सेवा संकल्प अभियान में विधायक ने स्टॉलों का किया निरीक्षण, गर्भवती महिला की हुई गोद भराई
फरह। सेवा संकल्प अभियान के तहत ब्लॉक परिसर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का बलदेव विधायक पूरन प्रकाश ने निरीक्षण किया। उन्होंने स्टॉलों पर पहुंचकर विभागीय योजनाओं और सेवाओं की जानकारी ली। इस दौरान विधायक ने एक गर्भवती महिला की गोद भराई की रस्म भी निभाई और उसके स्वस्थ प्रसव की कामना की। अभियान के दौरान ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। संबंधित विभागों के कर्मचारियों ने स्टॉलों पर पहुंचने वाले लोगों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया भी बताई। विधायक पूरन प्रकाश ने कहा, सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकार की योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाना है। पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी गंभीरता से कार्य करना चाहिए। जिला विकास अधिकारी अनुपम खरे ने कहा, अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी और सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। इस मौके पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी रामवीर, विकास खंड अधिकारी प्रवीन सिंह, नायब तहसीलदार साविका सिंह, जिला विकास अधिकारी अनुपम खरे सहित विकास खंड के सभी कर्मचारी मौजूद रहे।
Follow Samachar24