सेवा संकल्प अभियान के तहत इनोवेटिव आइडियाज प्रतियोगिता आयोजित, तीन मॉडल मंडल स्तर के लिए चयनित
Gargachary Times
5 October 2026, 20:33
42 views
Firozabad
सेवा संकल्प अभियान के तहत एसीएमटी निजी आईटीआई, शिकोहाबाद में व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास, प्राविधिक शिक्षा तथा उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जनपद स्तरीय वर्किंग मॉडल एवं उद्यमिता आधारित इनोवेटिव आइडियाज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें राजकीय एवं निजी आईटीआई और पॉलीटेक्निक के प्रशिक्षार्थियों ने प्रतिभाग किया।मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज के दौर में तकनीकी ज्ञान के साथ नवाचार और रचनात्मक सोच भी जरूरी है। युवाओं को अपने आसपास की समस्याओं को पहचानकर उनके व्यावहारिक समाधान तलाशने चाहिए।
प्रतियोगिता के लिए गठित जूरी में उपायुक्त उद्योग संध्या और पॉलीटेक्निक फिरोजाबाद के प्रधानाचार्य दयाचंद शामिल रहे। जूरी ने प्रतिभागियों को नवाचार एवं अपने विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के संबंध में मार्गदर्शन दिया। प्रतियोगिता में तीन उत्कृष्ट वर्किंग मॉडल का चयन मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।
नोडल प्रधानाचार्य नेहा वाजपेयी ने सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज के उद्देश्य, आवेदन प्रक्रिया और निर्धारित मानकों की जानकारी दी। प्रधानाचार्य हेमलता यादव ने आयोजन में सहयोग के लिए राजकीय एवं निजी आईटीआई के स्टाफ का आभार जताया। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।