कानून-व्यवस्था और अवैध खनन पर डीएम सख्त, अधिकारियों को दिए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश
Gargachary Times
5 October 2026, 20:41
36 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कानून-व्यवस्था, प्रशासनिक कार्यों की प्रगति एवं अवैध खनन की रोकथाम को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न बिंदुओं पर अधिकारियों से जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में कानून एवं व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा असामाजिक एवं अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अवैध खनन को लेकर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अवैध खनन के साथ-साथ इसके अवैध परिवहन पर भी प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि अवैध खनन या परिवहन में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने कहा कि पुलिस क्षेत्राधिकारी एवं उप जिलाधिकारी संयुक्त रूप से संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण करें और अराजक तत्वों की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कल्पना जायसवाल, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, एसपी सिटी, उप जिलाधिकारी, समस्त पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।