डीएम-एसएसपी ने राम बारात मार्ग का किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
Gargachary Times
5 October 2026, 20:42
37 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने सोमवार को राम बारात मार्ग का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने रसूलपुर से सदर बाजार, गंज मोहल्ला होते हुए रामलीला मैदान तक पहुंचकर मार्ग की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को राम बारात मार्ग पर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क की साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर रखने के साथ ही प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा। सड़क पर मौजूद गड्ढों को तत्काल भरवाने तथा विद्युत तारों को व्यवस्थित और ढीले तारों को ठीक कराने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि राम बारात के दौरान श्रद्धालुओं और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए मार्ग की सभी व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त कर ली जाएं। संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करें।
वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने पुलिस अधिकारियों को राम बारात मार्ग पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी करने को कहा।निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी, नगर मजिस्ट्रेट, नगर निगम एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों सहित पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।