आलू बीज के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरु3246 कुंतल बीज का आवंटन, किसानों को मिलेगा 1000 रुपये प्रति कुंतल अनुदान
Gargachary Times
7 October 2026, 20:54
40 views
Firozabad
फिरोजाबाद। जनपद के आलू उत्पादक किसानों के लिए उद्यान विभाग ने आलू बीज की उपलब्धता को लेकर ऑनलाइन पंजीकरण शुरू कर दिए हैं। जिला उद्यान अधिकारी सी.पी. अवस्थी ने बताया कि जनपद को विभिन्न प्रजातियों एवं श्रेणियों का कुल 3246 कुंतल आलू बीज आवंटित हुआ है। किसान विभागीय पोर्टल potato.uphorticulture.in पर ऑनलाइन पंजीकरण कर बीज प्राप्त करने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
आवंटित बीज में कुफरी बहार आधारित प्रथम सीड साइज 901 कुंतल, ओवर साइज 313 कुंतल, आधारित द्वितीय सीड साइज 900 कुंतल और ओवर साइज 225 कुंतल शामिल है। इसके अलावा कुफरी ख्याति, कुफरी सूर्या, कुफरी चिप्सोना-1, कुफरी फाईसोना, कुफरी किरण, कुफरी मोहन और कुफरी गौरव प्रजातियों का बीज भी विभिन्न श्रेणियों में उपलब्ध कराया गया है।
किसानों को आवेदन के लिए मोबाइल नंबर, आधार कार्ड, खतौनी और बैंक पासबुक की प्रति की आवश्यकता होगी। बीज की दर आधारित प्रथम सीड साइज 3630 रुपये, आधारित द्वितीय सीड साइज 3480 रुपये, आधारित प्रथम ओवर साइज 3040 रुपये तथा आधारित द्वितीय ओवर साइज 2980 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित की गई है।
जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि निर्धारित दर पर बीज लेने वाले पात्र किसानों को 1000 रुपये प्रति कुंतल की दर से अनुमन्य अनुदान सीधे उनके बैंक खाते में हस्तांतरित किया जाएगा।
उन्होंने किसानों से अपील की कि विभागीय पोर्टल पर जल्द पंजीकरण कराकर ‘प्रथम आवक, प्रथम पावक’ के आधार पर निर्धारित धनराशि कार्यालय में जमा कर अपना आलू बीज आरक्षित करा लें।