जिला पंचायत अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री योगी से की भेंट, विकास कार्यों और धार्मिक स्थलों के जीर्णाेद्धार पर हुई चर्चा
Gargachary Times
7 October 2026, 21:02
41 views
Mathura
मथुरा। जिला पंचायत अध्यक्ष एवं केएम विश्वविद्यालय के कुलाधिपति किशन चौधरी ने लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से औपचारिक मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जिले में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट सौंपी और जिला पंचायत के अब तक के कार्यकाल के कार्यों का पूरा विवरण प्रस्तुत किया।
मुलाकात के दौरान श्रीकिशन चौधरी ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन शंख और गोवर्धन के जतीपुरा स्थित गिर्राज महाराज मुखारबिन्द की प्रसादी भेंटकर व पटुका पहनाकर किया। बैठक में विशेष रूप से श्रीकृष्ण नगरी के उन धार्मिक स्थलों और पौराणिक कुंडों के विकास पर चर्चा हुई, जो अब तक पर्यटकीय सुविधाओं से वंचित रहे हैं।
बुधवार को जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि मथुरा के उपेक्षित धार्मिक स्थलों के विकास कार्याे को लेकर मुख्यमंत्री से अनुरोध किया गया है कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए धार्मिक स्थलों के स्थानों पर बुनियादी व पर्यटकीय सुविधाएं विकसित की जाएं, जिस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी विषयों को गंभीरता से सुनते हुए ब्रज क्षेत्र के विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया तथा सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक मार्गदर्शन और जल्द कार्य कराने का आश्वासन दिया। जिला पंचायत अध्यक्ष ने मुख्यमंत्रीजी से ग्रामीण क्षेत्रों की बुनियादी संरचना, विशेषकर सड़कों की स्थिति पर भी विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री ने सभी विकास परियोजनाओं को सुनियोजित और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आम जनता को योजनाओं का सीधा और सार्थक लाभ मिल सके। इस अवसर पर उनके साथ गोवर्धन के पूर्व प्रमुख विनोद चौधरी तथा भारतीय जनता पार्टी के ब्रजक्षेत्र मंत्री विनोद चौधरी भी उपस्थित रहे।