Loading...

भाजपा सरकार में भारतीयों में बड़े पैमाने पर धांधली और बेईमानी हो रही है: अखिलेश यादव

Gargachary Times 8 October 2026, 20:04 5 views
Lucknow
भाजपा सरकार में भारतीयों में बड़े पैमाने पर धांधली और बेईमानी हो रही है: अखिलेश यादव
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में भर्तियों में बड़े पैमाने पर धांधली और बेईमानी हो रही है। केजीएमयू में नर्सिंग की भर्ती में जयपुर के एक कोचिंग से 500 छात्रों की भर्ती हो जाना इसका ताजा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि जाँच’ निकलेगी तो फिर दूर तलक जाएगी। ध्यान से देखा जाए तो भाजपा सरकार आने के बाद, नर्सिंग भर्ती में ये कोई पहला संदिग्ध मामला नहीं है। इसके पहले भी 500 क्या 700 तक, उन कोचिंग संस्थानों के अभ्यर्थियों को नौकरी मिली है जिनके अवैध तार ‘अंडरग्राउंड-अनरजिस्टर्ड’ लोगों से सीधे जुड़े हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि ये घपलेबाज संगी-साथियों के आपसी लेन-देन का पुराना खुफिया रिश्ता है, जिसका पैटर्न एक जैसा है। भाजपा सरकार आने के बाद चाहे लोहिया इंस्टीट्यूट हो, पीजीआई, सैफई मेडिकल और अब केजीएमयू नर्सिंग व पैरामेडिकल टेक्नीकल स्टाफ का भर्ती घपला, इस पैटर्न के पीछे ‘संगी-साथियों’ की आपराधिक संलिप्तता है। देखते हैं जाँच एजेंसियाँ इस पहलू को उजागर करती हैं या ‘दूध का दूध, पानी का पानी’ करनेवालों के झूठे वादे-दावे की तरह, यहाँ भी आपस में हिसाब-किताब करके और दोषियों को क्लीन चिट देकर पतली गली से ये गुनगुनाते हुए निकल लेती हैं कि ‘तेरा-मेरा साथ अमर, फिर मुझको काहे का डर’। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा चिकित्सा के क्षेत्र में अपने अयोग्य लोगों को पिछले दरवाजे से लाकर लोगों के जीवन से बेहद खतरनाक खिलवाड़ कर रही है। भाजपा और उनके संगी-साथियों के बेइंतहा लालच का अंतरिक्ष जितना असीमित खुला मुँह देखकर तो सुरसा भी शर्म के मारे अपना मुख बंद कर लेती है। लानत है ऐसे भाजपाई लालच पर जो जनता की जिंदगियों को दांव पर लगा रहा है।
Follow Samachar24