योगी सरकार की पहल पर फिरोजाबाद में लगेगा मिलेट्स महोत्सव, किसानों को मिलेगी उन्नत खेती की जानकारी
Gargachary Times
8 October 2026, 20:09
5 views
Firozabad
मोटे अनाज यानी मिलेट्स की खेती और उपभोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार 9 अक्टूबर को कृषि विज्ञान केंद्र, हजरतपुर के प्रांगण में एक दिवसीय मिलेट्स महोत्सव एवं किसान मेले का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन के न्यूट्रीसीरियल घटक तथा उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार योजना के तहत किया जा रहा है।
महोत्सव में किसानों को मिलेट्स की उन्नत खेती, आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत बीज और विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं अनुदानों की जानकारी दी जाएगी। कृषि एवं सहयोगी विभागों की ओर से विभिन्न स्टॉल और प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जहां किसानों को खेती से संबंधित उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण मिलेट्स रेसिपी विकास एवं उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम होगा। इसमें मोटे अनाज से तैयार होने वाले पौष्टिक एवं स्वादिष्ट व्यंजनों की जानकारी दी जाएगी। इसके माध्यम से लोगों को मिलेट्स के पोषण संबंधी लाभों से परिचित कराने और दैनिक आहार में इनके उपयोग को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
महोत्सव का आयोजन सुबह 11 बजे से होगा। मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य ने संबंधित विभागों को समय से उपस्थित होकर अपने विभागीय स्टॉल लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि महोत्सव का उद्देश्य किसानों को मिलेट्स उत्पादन की आधुनिक तकनीक से अवगत कराने के साथ ही उपभोक्ताओं में मोटे अनाज के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इससे किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त करने और मिलेट्स को जन-जन तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।