आईजीआरएस शिकायतों में लापरवाही पर एडीएम सख्त, डिफाल्टर विभागों को कार्रवाई की चेतावनी
Gargachary Times
8 October 2026, 20:10
3 views
Firozabad
फिरोजाबाद। कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता की अध्यक्षता में आईजीआरएस, हेल्पलाइन और असंतुष्ट फीडबैक वाले शिकायती संदर्भों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान तहसीलदार फिरोजाबाद, तहसीलदार जसराना, एडीओ नारखी, पूर्ति निरीक्षक जसराना, अपर नगर आयुक्त, जिला पंचायत राज अधिकारी, ईओ फरिहा, एडीओ पंचायत अरांव और एडीओ पंचायत नारखी सहित कई विभाग गत माह की समीक्षा में डिफाल्टर श्रेणी में पाए गए। एडीएम ने कहा कि इन विभागों के डिफाल्टर रहने से जिले की रैंकिंग प्रभावित हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में कोई भी विभाग डिफाल्टर श्रेणी में पाया गया तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में आईजीआरएस पर असंतुष्ट फीडबैक वाले मामलों की भी समीक्षा की गई। समाज कल्याण विभाग, जिला पंचायत राज अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, रजिस्ट्री, विद्युत विभाग, तहसीलदार फिरोजाबाद, टूंडला व शिकोहाबाद, बीडीओ हाथवंत तथा एडीओ पंचायत हाथवंत, नारखी और टूंडला से संबंधित शिकायतों की स्थिति की समीक्षा की गई।एडीएम ने एडीओ पंचायत हाथवंत और एडीओ पंचायत फिरोजाबाद द्वारा शिकायती संदर्भों में गलत रिपोर्ट लगाए जाने पर नाराजगी जताई और संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि आईजीआरएस समीक्षा बैठक में आने से पहले अपने विभाग से संबंधित शिकायतों की स्थिति पोर्टल पर देख लें, ताकि बैठक में सही जानकारी उपलब्ध कराई जा सके। साथ ही सभी अधिकारी माह के अंतिम पांच दिन से पहले ही लंबित संदर्भों का निस्तारण सुनिश्चित करें।बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।