Loading...

13 अक्टूबर को सिरसागंज में विद्यार्थियों से संवाद करेंगे डीएम, करियर चयन के देंगे टिप्स

Gargachary Times 9 October 2026, 20:54 45 views
Lucknow
13 अक्टूबर को सिरसागंज में विद्यार्थियों से संवाद करेंगे डीएम, करियर चयन के देंगे टिप्स
*फिरोजाबाद।* कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थियों को करियर चयन, तैयारी की रणनीति और सफलता के लिए मार्गदर्शन देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा 13 अक्टूबर को विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। जनपद स्तरीय ऑफलाइन एवं ऑनलाइन संवाद कार्यक्रम मंगलवार को दोपहर 12:30 बजे श्री एमडी जैन इंटर कॉलेज, सिरसागंज में आयोजित किया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक मुदिता पाण्डेय ने जनपद के सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और वित्तविहीन इंटर कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि संवाद कार्यक्रम में जिलाधिकारी कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थियों को करियर के चयन, उसकी तैयारी, सही रणनीति बनाने और सफलता प्राप्त करने के संबंध में मार्गदर्शन देंगे। ऑफलाइन कार्यक्रम के लिए गिरधारी इंटर कॉलेज सिरसागंज और क्षेत्रीय इंटर कॉलेज सिरसागंज से 250-250 विद्यार्थी तथा भारतीय इंटर कॉलेज धातरी से 250 विद्यार्थी अपने शिक्षकों के साथ शामिल होंगे। इन विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को विद्यार्थियों और शिक्षकों को दोपहर 12 बजे तक एमडी जैन इंटर कॉलेज पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, एमडी जैन इंटर कॉलेज सिरसागंज के कक्षा 11 और 12 के 600 विद्यार्थी कार्यक्रम में ऑफलाइन शामिल होंगे। जनपद के अन्य विद्यालयों के विद्यार्थी ऑनलाइन माध्यम से जिलाधिकारी का संवाद सुनेंगे। इसके लिए लिंक 13 अक्टूबर को विद्यालयों के व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी विद्यालयों को कार्यक्रम से शत-प्रतिशत ऑनलाइन जुड़ने और ऑनलाइन सहभागिता के फोटो उसी दिन शाम पांच बजे तक विभागीय व्हाट्सएप ग्रुप पर भेजने के निर्देश दिए हैं। साथ ही विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों से जिला प्रशासन के यूट्यूब एवं सोशल मीडिया चैनल ‘फिरोजाबाद सुशासन’ को सब्सक्राइब कराने की अपील की है, ताकि उन्हें शिक्षा और करियर से जुड़े उपयोगी कार्यक्रमों की जानकारी मिल सके।
Follow Samachar24