Loading...

नवरात्रि से पहले मिलावटखोरों पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, करीब 60 हजार का तेल सीज

Gargachary Times 9 October 2026, 20:55 47 views
Firozabad
नवरात्रि से पहले मिलावटखोरों पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, करीब 60 हजार का तेल सीज
*फिरोजाबाद।* आगामी नवरात्रि पर्व को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने जिले में विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी और जांच की। इस दौरान खाद्य पदार्थों के छह नमूने संग्रहित किए गए, जबकि करीब 60 हजार रुपये मूल्य का सरसों का तेल सीज किया गया। खाद्य आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में सहायक आयुक्त (खाद्य) चन्दन पाण्डेय ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमें गठित की हैं। अभियान के तहत गालिब नगर स्थित शाहनवाज किराना स्टोर से सरसों के तेल का नमूना लिया गया। मौके पर आठ कनस्तरों में रखे करीब 120 किलोग्राम सरसों के तेल, जिसकी अनुमानित कीमत 20,650 रुपये बताई गई, को सीज कर दिया गया।वहीं, आगरा गेट स्थित पारसनाथ ट्रेडर्स से घी के दो नमूने और कोटला रोड स्थित मयंक ट्रेडर्स से अखरोट का एक नमूना संग्रहित किया गया। इसके अलावा टूंडला के एटा रोड स्थित तरुण जैन के प्रतिष्ठान से सरसों के तेल का नमूना लिया गया। यहां उपलब्ध करीब 198 लीटर सरसों के तेल को भी सीज करने की कार्रवाई की गई। *साफ-सफाई पर भी रहेगा जोर* सहायक आयुक्त (खाद्य) चन्दन पाण्डेय ने बताया कि नवरात्रि के दौरान अधिक खपत वाले खाद्य पदार्थों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। मिलावट की आशंका वाले प्रतिष्ठानों को चिह्नित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही संदिग्ध खाद्य पदार्थों की बिक्री और भंडारण पर नजर रखी जाएगी तथा प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया जाएगा।उन्होंने कहा कि आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। मिलावटी या संदिग्ध खाद्य पदार्थ मिलने पर नियमानुसार सीज करने सहित अन्य कार्रवाई की जाएगी।
Follow Samachar24