फर्जी सीबीआई अधिकारी बनकर 40 हजार रुपये की रंगदारी वसूलने वाले छह आरोपी गिरफ्तार
Gargachary Times
10 October 2026, 20:25
59 views
Mathura
ललित उपाध्याय, संवाददाता मथुरा।
जमुनापार पुलिस ने सिहोरा-लोहवन चौराहा रोड से दबोचा, फर्जी आईकार्ड और दो गाड़ियां बरामद
मथुरा की थाना जमुनापार पुलिस ने फर्जी सीबीआई अधिकारी बनकर लोगों को धमकाने और रंगदारी वसूलने वाले गिरोह के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरोह के सदस्यों ने एक व्यक्ति को आजीवन कारावास के झूठे मुकदमे में जेल भिजवाने की धमकी देकर उससे 40 हजार रुपये वसूल लिए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो फर्जी आईकार्ड, 11 विजिटिंग कार्ड, तीन एटीएम कार्ड, एक पैन कार्ड और घटना में प्रयुक्त दो गाड़ियां बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने 9 अक्टूबर को थाना जमुनापार में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कुछ लोगों ने सुनियोजित साजिश के तहत खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर उसके साथ गाली-गलौज की और झूठे मुकदमे में फंसाकर आजीवन कारावास की सजा दिलाने की धमकी दी। डराकर आरोपियों ने उससे 40 हजार रुपये की रंगदारी वसूल की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
इसी मामले में जमुनापार पुलिस टीम ने 10 अक्टूबर को तड़के करीब 3:26 बजे सिहोरा-लोहवन चौराहा रोड से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज कुमार निवासी मूल रूप से अरवल, बिहार, हाल निवासी खोड़ा कॉलोनी गाजियाबाद; कुलदीप यादव निवासी खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद; करन राणा निवासी न्यू पालम विहार, गुरुग्राम; सोनू निवासी देवसेरस, गोवर्धन, हाल निवासी लोहवन, मथुरा; कुणाल निवासी मदनपुर खादर, दिल्ली; और रवि निवासी नगला पोपी, रिफाइनरी, मथुरा के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से क्राइम ब्यूरो इन्वेस्टिगेशन के नाम के दो फर्जी आईकार्ड और 11 विजिटिंग कार्ड बरामद किए हैं। इसके अलावा तीन एटीएम कार्ड, एक पैन कार्ड, क्राइम इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो का स्टीकर लगी बलेनो कार और एक वैगनआर कार भी बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक, बरामद सामग्री का इस्तेमाल कथित तौर पर लोगों को प्रभावित करने और ठगी की वारदात को अंजाम देने में किया जाता था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सूरज कुमार के खिलाफ गाजियाबाद के कविनगर थाने में भी एक मुकदमा दर्ज है। शेष पांच आरोपियों का उपलब्ध आपराधिक विवरण फिलहाल इसी मामले से संबंधित है। सभी आरोपियों को थाना जमुनापार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जेल भेजा।