Loading...

नवरात्रि और दशहरा से पहले पुलिस ने किया दंगा नियंत्रण ड्रिल का अभ्यास

Gargachary Times 10 October 2026, 20:27 40 views
Firozabad
नवरात्रि और दशहरा से पहले पुलिस ने किया दंगा नियंत्रण ड्रिल का अभ्यास
आगामी शारदीय नवरात्रि और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए शनिवार को पुलिस लाइन स्थित ग्राउंड में दंगा नियंत्रण ड्रिल का आयोजन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में आयोजित इस अभ्यास में पुलिसकर्मियों को दंगा नियंत्रण उपकरणों के संचालन और भीड़ को नियंत्रित करने का प्रशिक्षण दिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं ग्रामीण के नेतृत्व में आयोजित ड्रिल में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों और पुलिस टीमों ने भाग लिया। अभ्यास के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और उपद्रव की स्थिति में लोगों को तितर-बितर करने के लिए बलवा ड्रिल कराई गई। पुलिसकर्मियों को रबर बुलेट गन, एंटी राइट गन, टीयर गैस गन, आंसू गैस के गोले, टीयर स्मोक सेल, हैंड ग्रेनेड और मल्टी सेल लॉन्चर सहित विभिन्न दंगा नियंत्रण उपकरणों एवं शस्त्रों के संचालन और उपयोग की जानकारी दी गई। इसके साथ ही लाठीचार्ज की प्रक्रिया और भीड़ नियंत्रण के दौरान अपनाई जाने वाली रणनीतियों का भी अभ्यास कराया गया। ड्रिल के दौरान पुलिसकर्मियों को दंगा नियंत्रण से जुड़े विधिक प्रावधानों की जानकारी भी दी गई, ताकि किसी भी विषम परिस्थिति में पुलिस बल समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई कर सके।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आगामी त्योहारों के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। इस अभ्यास का उद्देश्य पुलिस बल को आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार करना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं ग्रामीण, सभी क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक, थाना प्रभारी और पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Follow Samachar24