फिरोजाबाद: लाइनपार पुलिस ने छह लावारिस वाहनों की कराई नीलामी, 50 हजार रुपये में हुआ निस्तारण
Gargachary Times
10 October 2026, 20:32
65 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* जिले में लावारिस वाहनों के निस्तारण अभियान के तहत थाना लाइनपार पुलिस ने छह वाहनों की नीलामी कराई। एआरटीओ कार्यालय से छह वाहनों का कुल मूल्यांकन 43,500 रुपये कराया गया था, जबकि नीलामी में इनकी अंतिम बोली 50 हजार रुपये लगी। नगर मजिस्ट्रेट और क्षेत्राधिकारी सदर की मौजूदगी में नीलामी की प्रक्रिया पूरी की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर अधिक से अधिक लंबित मालों के निस्तारण के लिए यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में शनिवार, 10 अक्टूबर को थाना लाइनपार परिसर में नीलामी आयोजित की गई। इसमें कुल 10 बोलीदाताओं ने हिस्सा लिया।नीलामी में एक ऑटो, एक बजाज डिस्कवर मोटरसाइकिल, एक हीरो ग्लैमर, दो सुपर स्प्लेंडर और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल शामिल थीं। बोली प्रक्रिया के बाद सभी छह वाहनों का 50 हजार रुपये में निस्तारण किया गया।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष रमित कुमार और हेड मोहर्रिर चंदन सिंह की प्रमुख भूमिका रही। पुलिस के अनुसार, लावारिस वाहनों का नियमानुसार निस्तारण करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।