नवरात्रि से पहले डीएम-एसएसपी ने जय मां बेहड़ वाली धाम का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने के निर्देश
Gargachary Times
10 October 2026, 20:35
45 views
Firozabad
*फिरोजाबाद।* आगामी नवरात्रि पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने जय मां बेहड़ वाली धाम का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का जायजा लेकर सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन और बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में बने कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर सीसीटीवी कैमरों और निगरानी प्रणाली की स्थिति परखी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सीसीटीवी कैमरे 24 घंटे सक्रिय और कार्यशील रहने चाहिए, ताकि मंदिर परिसर में होने वाली गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा सके। श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ नियंत्रण और आवश्यक सूचनाओं के प्रसारण के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम को भी हर समय सक्रिय रखने के निर्देश दिए।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नवरात्रि के दौरान धाम में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के साथ ही सुगम आवागमन, रूट डायवर्जन और पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश तथा पेयजल की व्यवस्था समय से पूरी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के दौरान धाम में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।